अधीक्षक पर ट्यूशन फीस नहीं देने का आरोप
चिड़ावा |समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित अंबेडकर छात्रावास के विद्यार्थियों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। एससी-एसटी वर्ग के प्रदर्शनकारी छात्रों ने इस दौरान किराए के भवन में संचालित छात्रावास के ताला जड़ दिया।
छात्रों ने अधीक्षक पर ट्यूशन फीस उपलब्ध नहीं कराने, मांगने पर दुर्व्यवहार करने एवं दैनिक व्यवस्थाओं में खामियों का आरोप लगाया। छात्र योगेंद्र करोल ने बताया कि विभाग विषयवार ट्यूशन के लिए अधिकतम तीन महीने के लिए प्रतिमाह एक हजार रुपए दी जाने वाली राशि अभी तक नहीं दी गई है।
छात्रों ने साफ- सफाई, भोजन व्यवस्था में कमियां गिनाते हुए अधीक्षक पर दो कर्मचारियों के भरोसे छात्रावास छोड़कर कभी-कभार आने के भी आरोप लगाया। सुविधाओं के अभाव के बावजूद 35 विद्यार्थियों के स्वीकृत छात्रावास में केवल 15 छात्र ही रह रहे है। तालाबंदी की सूचना पाकर तहसीलदार सुरज्ञानीलाल मीणा समाज कल्याण अधिकारी पवन पूनिया भी छात्रावास पहुंचे। दोनों ने छात्रावास अधीक्षक गुगनराम को बुलाकर छात्रों की समस्याएं सुनी और व्यवहारिक परेशानियों को शीघ्र हल करवाने की बात कही। प्रदर्शन करने वालों में सोनू धानिया, सुनील कुमार, अरविंद जिलोवा, मुकेश धानिया, पवन कुमार, रविंद्र, विकास, रामावतार, कैलाश, महिपाल, विकास, कर्मवीर सोमवीर आदि शामिल थे।
चिड़ावा. नारेबाजी कर प्रदर्शन करते आंबेडकर छात्रावास के छात्र।
दो जगह का है कार्यभार
अंबेडकरछात्रावास अधीक्षक गुगनराम ने बताया कि उनके पास चिड़वा के साथ पिलानी छात्रावास का भी कार्यभार है। उन्होंने छात्रों के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि ट्यूशन फीस के मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया हुआ है। छात्रावास में स्वीकृत सभी सुविधाएं छात्रों को नियमित उपलब्ध करवाई जा रही है। दो सेंटरों का कार्यभार होने से कभी-कभी चिड़ावा पहुंचने में देरी हो जाती है।
^छात्रावास अधीक्षक गुगनराम और छात्रों ने बीच समन्वय की कमी के कारण समस्या उठी है। ट्यूशन फीस का प्रस्ताव छात्रावास अधीक्षक के जरिए आना चाहिए। जो प्राप्त होते ही अग्रिम कार्रवाई के लिए जयपुर भेजा जाएगा। -पवन पूनिया, सहायक निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग