पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • साध्वियों पर चढ़ गई हाइड्रा क्रेन

साध्वियों पर चढ़ गई हाइड्रा क्रेन

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चित्तौड़गढ़। चंदेरिया थाना क्षेत्र में रोलाहेड़ा रोड पर गुरुवार सुबह सड़क हादसे ने एक जैन साध्वी की जान ले ली। दो अन्य साध्वियां भी घायल हो गईं। माताजी की पांडोली से चंदेरिया की ओर पैदल विहार के दौरान सड़क किनारे बैठी इन साध्वियों को हाइड्रा क्रेन ने चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में आग की तरह फैली इस हादसे की खबर से जैन समाज में शोक व्याप्त हो गया।

जैन समाज के ज्ञानगच्छाधिपति पंडित प्रकाशमुनि की आज्ञानुवर्ती छगनकंवर मसा समेत सात साध्वियों का समूह सुबह माताजी की पांडोली से पैदल चंदेरिया के लिए रवाना हुआ हुआ। दो साध्वियां पहले चंदेरिया पहुंच गई, जबकि दो पांडोली में गोचरी लेते हुए बाद पीछे चल रही थी।
रोलाहेड़ा रोड पर साध्वी छगनकंवर शिष्य साध्वी क्रमश: लक्षिता श्रीजी निकिता श्रीजी के साथ हनुमान मंदिर के पास विश्राम के लिए रुकीं। इसी दौरान एक हाइड्रा क्रेन की टक्कर से साध्वी छगनकंवर कुर्सी सहित उछल गई। हालांकि उनके कम चोटें आई, पर लक्षिता श्रीजी निकिता श्रीजी लहुलुहान हो गई।
सूचना मिलते ही आसपास से जैन समाज के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। चंदेरिया से भी कई लोग पहुंचे। दोनों गंभीर घायल साध्वियों को 108 एंबुलेंस में चित्तौडगढ के अक्षर आर्थोपेडिक हॉस्पिटल में लाया गया।
यहां से लगभग अचेतावस्था में लक्षिता श्रीजी(42) को श्री सांवलियाजी सामान्य अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। साध्वी छगनकंवर निकिता श्रीजी काे अक्षर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां निकिताश्री का ऑपरेशन किया गया।

हादसे की सूचना पर डीएसपी सिटी कानसिंह भाटी, सदर थाना सीआई दिनेश सुखवाल, चंदेरिया थाने से एसआई लक्ष्मण डांगी अस्पताल पहुंचे। हादसे की सूचना मिलते ही नगर परिषद सभापति सुशील शर्मा, उप सभापति भरत जागेटिया, अरबन कोआपरेटिव बैंक के चेयरमैन डॉ. आईएम सेठिया, पार्षद सुधीर जैन, नवीन पटवारी, भोलाराम प्रजापत, कांग्रेस के पूर्व शहर महामंत्री गजानंद शर्मा, पूर्व पार्षद सावंतसिंह समेत बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग दोनों अस्पतालों में जमा हो गए।
अस्पताल में डाॅ. पुरुषोत्तम मीणा सहित मेडिकल टीम के उपचार के साथ कई श्राविकाएं घायल साध्वियों की सेवा सुश्रुषा में जुट गई। चंदेरिया पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए हाइड्रा क्रेन को जब्त कर लिया।

चित्तौड़गढ़ | हादसे में घायल साध्वी को उपचार के लिए ले जाते चिकित्साकर्मी।

फाटक बंद हाेने से देर से पहुंची एंबुलेंस

हादसेके बाद चित्तौडगढ अस्पताल की 108 एंबुलेंस चंदेरिया पहुंची, लेकिन रेलवे फाटक बंद होने से करीब आधा घंटे देर से पहुंची। बताया गया कि एंबुलेंस में हॉर्न भी नहीं हाेने से परेशानी हुई।

मंत्री के बयान हवा में, संतों की सुरक्षा पर उठे सवाल

पैदलविहार करते समय जैन संत-साध्वियों के साथ सड़क दुर्घटनाएं देश में पहले भी होती रही हैं। हालांकि यह जिले की पहली घटना है, लेेकिन संत-साध्वियाें की सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल दोहराया गया है।
हैरत की बात है कि प्रदेश के गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया कई बार यह एलान आश्वासन दे चुके है कि पैदल चलने वाले संत-साध्वियों की सुरक्षा के लिए संबंधित थाना क्षेत्र के पुलिसकर्मी की डयूटी लगाई जाएगी। कटारिया ने कुछ समय पूर्व पाली जिले में तो यह भी कहा था कि विभाग ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए है। दूसरी ओर अधिकारी इस तरह के अादेश के बारे में कुछ भी साफ बताने की स्थिति में नहीं दिखे और ही विभाग या सरकार की ओर से अभी तक इस बारे में जैन संघों को कुछ अवगत कराया गया।

चित्तौड़गढ़| हादसे के बाद रोलाहेड़ा रोड स्थित मौके पर जो कोई पहुंचा, वहां का मंजर देखकर सिहर उठा। मौके पर करीब 10-11 फीट तक खून बिखरा हुआ था। बताया गया कि माताजी की पांडोली से रवाना होने के बाद हनुमान मंदिर के पास सड़क किनारे साध्वी छगनकंवर मसा विश्राम करने लगे। वे कुर्सी पर बैठे हुए थे, वहीं उनकी शिष्याएं साध्वी लक्षिता श्रीजी निकिता श्रीजी उनकी सेवा में जुटी हुई थीं। इस दौरान अनियंत्रित गति से आई हाइड्रा क्रेन ने उन तीनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुर्सी समेत साध्वी छगनकंवर उछलकर दूर जा गिरी, वहीं साध्वी लक्षिता श्रीजी निकिता श्रीजी भी हाइड्रा क्रेन के टायर के साथ कुछ दूरी तक घसीटती चली गई। लक्षिता श्रीजी खून से लथपथ हो गई, जिससे आसपास खून बिखर गया। निकिता श्रीजी के भी कूल्हे की हड्डी फ्रैक्चर हो गई। छगनकंवर मसा की अन्य शिष्याएं सूर्यशोभा मसा, भारती मसा, आरती मसा भी माताजी की पांडोली से साथ रही थीं।

हादसे में दिवंगत जैन साध्वी श्री लक्षिता श्रीजी की पार्थिव देह को सेंती स्थित अरिहंत भवन में ले जाया गया। जहां शहर सहित अन्य जगह से समाजजन पहुंचने लगे। दोपहर बाद जयकारों के साथ उनकी महाप्रयाण यात्रा निकली। जिसमें बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने भाग लिया। उदयपुर जिले के नाई गांव में जन्मे साध्वी लक्षिता श्री ने करीब 18 साल पूर्व दीक्षा ग्रहण की थी। महाप्रयाण यात्रा में उनके सांसारिक परिवार उदयपुर जिले सहित कई जगह से समाजजन भी यहां पहुंचे। अंतिम यात्रा सेंती मोक्षधाम पर पहुंची। जहां विधायक चंद्रभान सिंह आक्या सहित जैन समाज के विभिन्न संघ प्रतिनिधियों ने साध्वी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।