महाशिवरात्रि पर होंगे कई आयोजन
निम्बाहेड़ा में तीन स्थानों से निकलेगा पथ संचलन
भास्करन्यूज | चित्तौड़गढ़
महाशिवरात्रिपर जिलेभर में शिव मंदिरों में विविध कार्यक्रम होंगे। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं।
महाशिवरात्रि पर 17 फरवरी को दुर्ग स्थित प्राचीन नीलकंठ महादेव मंदिर पर पर्व मनाया जाएगा। महंत जगन्नाथ भारती के निर्देशन में रूद्राभिषेक, महाआरती, जागरण के साथ ही भजन कीर्तन, पूजन कार्यक्रम होंगे। श्रीनीलकंठ महादेव मंदिर ट्रस्ट किला की ओर से मंदिर पर विद्युत साज-सज्जा भी की जाएगी।
खरडिय़ा महादेव मंदिर, संगम महादेव, हजारेश्वर महादेव, दुर्ग पर समिद्वेश्वर महादेव सहित अन्य शिव मंदिरों में भी विविध आयोजन होंगे। रोलाहेडा ग्राम पंचायत के ऋषि मंगरी स्थान पर महाशिवरात्रि मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पूर्व सरपंच रतनलाल लौहार ने बताया कि दुकानों का आबंटन करने के साथ ही झूले, चकरी, डोलर पहुंच गए हैं।
निम्बाहेड़ा| महाशिवरात्रि पर्व पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ निम्बाहेड़ा द्वारा पथ संचलन निकाला जाएगा, जिसकी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
त्रिवेणी संगम के नाम से निकलने वाले इस संचलन में नगर के तीन अलग-अलग स्थानों से संचलन प्रारंभ होकर बस स्टैंड के बाहर परशुराम सर्किल पर महासंगम के रूप में समाहित होकर डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी स्टेडियम पहुंचेगा जहां मुख्य कार्यक्रम होगा।
नगर कार्यवाह महेश शर्मा ने बताया कि जनता मैदान, दशहरा मैदान एवं महाविद्यालय मैदान से दोपहर दो बजे एक साथ संचलन प्रारंभ होंगे जो 2.35 बजे परशुराम सर्किल पर पहुंचेंगे।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने केली में निकाला पथ संचलन
निम्बाहेड़ा.ग्रामपंचायत मुख्यालय केली में गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा खंड पथ संचलन निकाला गया, जिसमें 150 से अधिक स्वयं सेवकों ने भाग लिया। पथ संचलन के दौरान ग्रामवासियों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई। जिला प्रचारक रूप सिंह का बौद्धिक हुआ। जिला सहकार्यवाह भूरालाल तेली, सांयम भाग कार्यवाह दिनेश वैष्णव एवं विभाग ग्राम विकास चित्तौड़गढ़ प्रमुख गीतालाल धाकड़ मौजूद थे।