पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • फोरलेन पर आधे घंटे में दो ट्रक चालकों से लूट

फोरलेन पर आधे घंटे में दो ट्रक चालकों से लूट

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चित्तौड़गढ़। जिले में नेशनल हाईवे फोरलेन मार्गों पर रात के समय भारी वाहनों से लूट की वारदातें बढ़ गई है। जिला मुख्यालय के निकट लगातार दूसरी रात हुई वारदातों से इस क्षेत्र में किसी गैंग के सक्रिय होने का अंदेशा बढ़ गया। सोमवार रात बदमाश महज आधा घंटे के अंतराल में दो ट्रक चालकों से मारपीट कर हजारों रुपए लूट ले गए।

चित्तौडगढ़-भीलवाड़ा मार्ग पर सोमवार रात लूट की दो वारदातें हुई। उदयपुर जिले का कानोड़ निवासी 50 वर्षीय मोहन पुत्र छतरा मीणा खलासी के साथ सोमवार रात 11 बजे विमल गुटखे से भरा ट्रेलर लेकर सूरत से भीलवाड़ा जा रहा था। कपासन मार्ग पुल ईनानी मार्बल प्लांट के बीच वह शौच के लिए ट्रेलर को रोक कर नीचे उतरा। इसी दौरान तीन-चार बदमाश दौड़ते हुए पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मोहन के अनुसार बदमाशों ने मारपीट कर उससे साढ़े दस हजार रुपए की नकदी छीन ली और कान में पहने सोने के टाप्स उतरवा लिए। बाद में धमकी देकर पैदल ही अंधेरे में चले गए।

करीब आधा घंटे बाद कुछ ही दूरी पर झुंझुनूं जिले के थाना गुडा क्षेत्र के सेथल निवासी नरेंद्र पुत्र सागर जाट रोहिताश पुत्र दाताराम जाट महाराष्ट्र से कपड़े की गांठे लेकर भीलवाड़ा की ओर जा रहा था। तभी एक बोलेरो से पीछा करते हुए पांच बदमाश पहुंचे और ट्रक को रुकवाया। नरेंद्र के साथ भी मारपीट कर धमकियां देते हुए बदमाश 13 हजार रुपए छीनकर ले गए। वापस बोलेरो में सवार होकर फरार हो गए।

इधर, आधे घंटे के अंतराल में ही दो ट्रक चालकों के साथ हुई लूट की जानकारी वहां से गुजर रहे ट्रक चालकों ने पुलिस कंट्रोल रूम पर दी।

इसके बाद चंदेरिया एसएचओ विजयशंकर शर्मा मय जाब्ता पहुंचे और पीड़ित चालकों से जानकारी लेकर मामले दर्ज किए। उल्लेखनीय है कि रविवार रात चित्तौडगढ-कोटा फोरलेन पर चित्तौड़ीखेड़ा गांव के समीप बदमाश गुटखे से भरा कंटेनर लूट की वारदात हुई थी।

एसपी ने की मीटिंग नाकाबंदी के साथ तलाशी

चित्तौडगढ़-भीलवाड़ा फोरलेन पर लगातार लूट की वारदातों को देख एसपी प्रसन्न कुमार खमेसरा ने मंगलवार सुबह डीएसपी कानसिंह भाटी, एसएचओ चंदेरिया विजयशंकर शर्मा, सदर दिनेश सुखवाल को बुलाकर उनके साथ मीटिंग की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीआई शर्मा मंगलवार को पीड़ित ट्रक चालकों के साथ वारदात वाले स्थल पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। ट्रक चालकों ने बताया कि मारपीट के साथ ही बदमाशों ने उनके मोबाइल भी छीन लिए थे।

सफेद वाहन के साथ कोई गिरोह सक्रिय?

एक दिन पहले बदमाशों ने फर्जी सेलटैक्स अधिकारी बनकर चित्तौडगढ़-कोटा मार्ग पर गुटखे के कंटेनर को लुटा था। इसमें सफेद रंग की बोलेरो कार प्रयुक्त होने की बात सामने आई। सोमवार रात हुई दो वारदातों में से एक के पीड़ित ट्रक चालक ने भी बदमाशों के सफेद रंग की बोलेरो में आने की बात कही है।
इसे देखते हुए पुलिस मान रही है कि बाहर से कोई गैंग यहां आकर फोरलेन से सटे किसी क्षेत्र में ही रुकी है। जो रात के समय वारदात करने के लिए निकल रही है। या आसपास के गांव और रास्तों के जानकारी स्थानीय स्थानीय बदमाश सक्रिय है। चंदेरिया सीआई विजयशंकर शर्मा ने बताया कि सफेद रंग की बोलेरो या मार्शल जीप की जानकारी जुटाने के लिए टीमें प्रयासरत है।

चित्तौड़गढ़ | भीलवाड़ा मार्ग पर सोमवार रात हुई लूट के मामले में मंगलवार को हाईवे पर जांच करते पुलिस अधिकारी।