स्वाइन फ्लू से एक और मौत
जिले में सर्वे कल से
मेडिकल रिपोर्टर. चित्तौड़गढ़
जिलेमें स्वाइन फ्लू से मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा। शुक्रवार शाम को उदयपुर में उपचार के दौरान बड़ीसादड़ी के एक वृद्ध की, शनिवार को स्वाइन फ्लू के संदिग्ध महिला रोगी कपासन की शिक्षिका की भी मृत्यु हो गई। दोनों जगहों पर चिकित्सा की टीम की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।
बड़ीसादड़ी में मस्जिद के पास 62 वर्षीय आनंदीलाल पुत्र ताराचंद भारद्वाज की उदयपुर में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। बीसीएमओ डॉ. जीएम सांखला ने बताया कि मृत्यु की सूचना मिलते ही चिकित्सा विभाग की तीन टीमें गठित की गई। चिकित्सा टीम की मौजूदगी में आनंदीलाल का दाह संस्कार हुआ। इस दौरान मौजूद सभी लोगों को सुरक्षा की दृष्टि से मास्क दिए गए। उपयोग के बाद तत्काल मास्क को जला दिए गए। बीसीएमओ ने बताया कि दाह संस्कार के बाद मृतक आनंदीलाल के परिवारजन सहित करीब 20 लोगों को टेमी फ्लू की दवा दी गई। मृतक के आसपास के 50 घरों का सर्वे किया गया। सर्दी-जुकाम से पीड़ित रोगियों को दवा दी गई। उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू के प्रकोप के चलते 400 टेमी फ्लू की गोलियां और मंगवा ली हैं। सीएमएचओ डॉ. इंद्रजीत सिंह ने बताया कि कपासन में उदयपुर रोड निवासी एवं गोराजी का निम्बाहेड़ा में नियुक्त शिक्षिका 50 वर्षीय विमला आचार्य प|ी रामचंद्र उपाध्याय की मृत्यु भी उदयपुर में उपचार के दौरान शनिवार को हुई।
उदयपुर में विमला का स्वाब लिया गया था, स्वाइन फ्लू का संदिग्ध मानते हुए वहां से विमला का शव पॉलीपैक ही कपासन भेजा गया। इस कारण कपासन में दो टीमें बीसीएमओ डॉ. एनएस देवल के नेतृत्व में भेजीं। चिकित्सा टीम की मौजूदगी में विमला का दाह संस्कार हुआ। इस दौरान मौजूद करीब 200 लोगों को मास्क दिए तथा करीब 20 लोगों को टेमी फ्लू दी 50 घरों का सर्वे किया गया। उल्लेखनीय है कि महज छह दिन में स्वाइन फ्लू से छह मौतें हो चुकी हैं।
जिले में चार जने और स्वाइन फ्लू पॉजीटिव पाए गए हैं। पीएमओ डॉ. मधुप बक्षी ने बताया कि गांधीनगर निवासी 45 वर्षीय पुरुष, ऊपरला पाड़ा की 30 वर्षीय महिला, सुखवाड़ा गांव की 50 वर्षीय महिला एवं निम्बाहेड़ा के एक पुरुष में स्वाइन फ्लू पॉजीटिव की पुष्टि हुई है। यह आंकड़ा 17 पहुंच गया है। सीएमएचओ डॉ. इंद्रजीत सिंह ने बताया कि जहां स्वाइन फ्लू पॉजीटिव की पुष्टि हो रही है, उन क्षेत्रों में 50-50 घरों का सर्वे कराया जा रहा है।