पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख

सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चित्तौड़गढ़। जिलाप्रमुख पद पर शनिवार को भाजपा की लीलादेवी जाट निर्वाचित हो गई। कुल 25 सदस्यीय बोर्ड में लीला जाट को अपनी पार्टी के सभी 16 वोट मिल गए, लेकिन कांग्रेस का एक मत खारिज हो जाने से उसकी प्रत्याशी जमना जाट को आठ मत ही मिले।

जिला प्रमुख पद के लिए डीआरडीए हॉल में जिला निर्वाचन अधिकारी वेदप्रकाश के निर्देशन में निर्वाचन प्रक्रिया हुई। सुबह भाजपा से एक मात्र नामांकन लीला जाट ने ही दाखिल किया, जबकि कांग्रेस से जमनाबाई जाट सुनीता गुर्जर के दो पर्चे दाखिल हुए। सिंबल नहीं होने से बाद में सुनीता का नामांकन खारिज हो गया।
दोपहर तीन बजे भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी, निवर्तमान उपजिला प्रमुख मिठूलाल जाट, प्रदेश उपाध्यक्ष भगवतीदेवी झाला, हर्षवर्धनसिंह, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रवणसिंह राव, रमेश बोरीवाल के साथ भाजपा के सभी 16 सदस्य मतदान करने पहुंचे। इसके कुछ देर बाद ही कांग्रेस के सभी नौ सदस्य मतदान करने आए। दोपहर 3.37 बजे तक सभी 25 वोट पड़ जाने के बाद मतगणना हुई। परिणाम की घोषणा होते ही भाजपा सदस्यों बाहर खड़े कार्यकर्ताओं ने खुशी की लहर छा गई।
भाजपा की लीला बनीं जिला प्रमुख, भाजपा में रच गई नई राजनीितक लीला
प्रवीण सिंह बने प्रधान, बागी भाटी नहीं पलट पाए बाजी।

जिलामुख्यालय की पंचायत समिति में 15 साल बाद बहुमत हासिल करने वाली भाजपा में प्रधान चुनाव को लेकर फूट खुलकर सामने गई, जबकि खुद को प्रत्याशी नहीं बनाए जाने से नाराज ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह भाटी कांग्रेस के समर्थन से बागी बनकर मैदान में उतर गए। कुल 21 सदस्यीय बोर्ड में भाजपा के 12 कांग्रेस के नौ सदस्य जीते थे। भाटी के साथ होने से मतदान पूर्व ही यह आंकड़ा 11-10 के नाजुक अंतर पर पहुंच जाने से नतीजे पर सभी की निगाहें टिक गई। इसका पटाक्षेप मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी प्रवीण सिंह राठौड़ की एक मत की जीत के साथ ही हुआ।

पंचायत समिति में शनिवार को प्रधान चुनाव की नामांकन प्रक्रिया पर सबकी नजर थी। सबसे पहले सवा दस बजे भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष और नवनिर्वाचित सदस्य रणजीतसिंह भाटी के अकेले पहुंचते ही भाजपा में उठापटक होने के संकेत मिल गए। उनके साथ ही कांग्रेस नेता पूर्व विधायक सुरेंद्रसिंह जाड़ावत, ब्लाक अध्यक्ष त्रिलोकचंद जाट, पूर्व उपजिला जनक सिंह, पूर्व नप उपसभापति संदीप शर्मा, किरण डांगी, दिनेश सोनी आदि पहुंचे। भाटी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। बतौर प्रस्तावक कांग्रेस के सदस्य रविराजसिंह राजेंद्र भट्ट मौजूद रहे। इसके कुछ देर बाद भाजपा के प्रधान प्रत्याशी जिला सहकार संघ उपाध्यक्ष प्रवीणसिंह राठौड़, पार्टी के अन्य पंस सदस्य लीलाशंकरसिंह सिंदवडी, जिला सहकार संघ अध्यक्ष अनंत समदानी, एडवोकेट नरेंद्र पोखरना आदि पदाधिकारियों के साथ पहुंचे और आरओ उत्तमसिंह शेखावत के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया।

निर्दलीय प्रत्याशी भाटी, पूर्व विधायक सुरेंद्रसिंह जाड़ावत सहित कांग्रेस दाधिकारी नामांकन वापसी तक रुके रहे। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिक गई कि मतदान का नतीजा क्या रहता है। यद्यपि भाटी के साथ खुले तौर पर भाजपा का कोई और सदस्य नहीं आया, पर पार्टी के मात्र एक और किसी सदस्य की क्रास वोटिंग से बाजी पलट जाने की आशंका से भाजपा समर्थकों की धड़कनें बढ़ी रही। दोपहर बाद मतदान और मतगणना के परिणाम के साथ ही पूरे सियासी ड्रामे का पटाक्षेप हो गया।

विधायक चंद्रभान सिंह पार्टी के बाकी सभी 11 सदस्यों को एकजुट रखकर अपने खास समर्थक प्रवीण सिंह राठौड़ को प्रधान बनवाने में सफल हो गए। भाजपा में क्रास वोटिंग नहीं होने से भाटी को दस वोट ही मिले।

बाहर बड़ी तादाद में जमा समर्थकों कार्यकर्ताओं ने राहत की सांस ली। एबीवीपी से राजनीति में सक्रिय 32 वर्षीय प्रवीण सिंह जिला सहकार संघ उपाध्यक्ष जीएसएस अध्यक्ष रहते हुए विधायक चंद्रभान के करीब आए और अब पंस में अब तक के सबसे युवा पुरुष प्रधान के रूप में काबिज हुए।

चित्तौड़गढ़. जिलाप्रमुख और प्रधान का चुनाव जीतते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल बन गया। प्रधान प्रवीण को कार्यकर्ताओं ने कंधों पर उठा लिया।

^जनता और पार्टी ने मुझमें जो विश्वास जताया है। उस पर खरा उतारने का पूरा प्रयास करुंगी। ग्रामीण विकास ही मुख्य प्राथमिकता रहेगी। लीलाजाट, नवनिर्वाचित जिला प्रमुख

बस से आए भाजपा सदस्य

जिलाप्रमुख चुनाव में भाजपा के सभी 16 सदस्य बस से कलेक्ट्रेट में पहुंचे। इसके बाद कांग्रेस के सदस्य जिला सचिव नीतूकंवर भाटी, कानसिंह के साथ कारों से आए। परिणाम की घोषणा के बाद दोनों दलों के सदस्य वापस रवाना हो गए।

3.30लाख की संपत्ति

जिलाप्रमुख लीला जाट 3.30 लाख रुपए की संपत्ति की मालिक हैं। नामांकन पत्र के साथ दिए शपथ पत्र के अनुसार उसके पास ढाई लाख का सोना तथा 60 हजार की चांदी के गहने हैं। बैंक में 20 हजार 500 रुपए जमा हैं।

^पार्टी में मेरे कार्य और वरिष्ठता को नजरअंदाज कर दिया गया। विधायक चंद्रभान सिंह ने मुझे कल रात तक भी अंधेरे में रखा। आज सुबह पता चला कि मुझे प्रत्याशी नहीं बनाया जा रहा है। पार्टी में निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है। मेरे इंटक से जुड़े होने की बात हैं तो एक कंपनी में काम करते हुए मजदूर हित में किसी यूनियन से जुडऩा पड़ा था। ऐसा था तो पार्टी ने मुझे मंडल अध्यक्ष और फिर पंस सदस्य प्रत्याशी भी क्यों बनाया। रणजीतसिंह भाटी, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष

जिले की सबसे बडी पंचायत की कमान संभालने जा रही लीला जाट को अब तक की सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख बनने का गौरव भी मिलने जा रहा है। महज 23 साल की बीए पास लीला ने आयुर्वेद नर्सिंग में डिप्लोमा कर रखा है। कपासन के सिंहपुर गांव की बहू लीला जाट के काका श्वसुर डेयरी चेयरमैन पूर्व विधायक बद्री जाट है। श्वसुर गोवर्धनलाल जाट पुलिस में हेड कांस्टेबल है। जिन्हें गोवर्धन कमांडो के नाम से जाना जाता है। एक सितंबर 1992 को जन्मी लीला का पीहर उचनारखुर्द में है। लीला जाट पहली बार राजनीति में आई है। परिणाम जानने के लिए लीला के ससुराल और पीहर से भी रिश्तेदार कलेक्ट्रेट पहुंचे।

पंचायत समिति प्रधान पार्टी पिछला प्रधान

चित्तौड़गढ़प्रवीण सिंह राठौड़,भाजपा कांग्रेस

निंबाहेड़ा जसोदादेवी मीणा, भाजपा कांग्रेस

भदेसर लालसिंंह गरदाना, भाजपा भाजपा

कपासन भैरूलाल चौधरी, कांग्रेस भाजपा

भूपालसागर सोहनलाल भील, भाजपा भाजपा

राशमी मधु नुवाल, भाजपा कांग्रेस

बेगूं अंजूदेवी गुर्जर, भाजपा कांग्रेस

भैसरोड़गढ़ वीणा दशोरा, भाजपा कांग्रेस

गंगरार देवीलाल जाट भाजपा भाजपा
बड़ीसादड़ी चेतना मेघवाल, कांग्रेस भाजपा
डूंगला मुकेश खटीक भाजपा भाजपा।