कलेक्टर ने भी परखा बच्चों का ज्ञान
81 अधिकारी आज भी करेंगे निरीक्षण
चित्तौड़गढ़| शिक्षाविभाग की ओर से संबलन अभियान मंगलवार से शुरू हुआ। अभियान के पहले दिन 81 अधिकारियों ने स्कूलों का निरीक्षण किया। कलेक्टर वेदप्रकाश ने भी एक स्कूल का निरीक्षण कर बच्चों का ज्ञान परखा।
कलेक्टर वेदप्रकाश राउप्रावि बोजूंदा पहुंचे। यहां कक्षा तीन की छात्रा पूजा सेन संगीता कंवर से ब्लेक बोर्ड पर रेगिस्तान, ऊंट, खरगोश के शब्द लिखवाए गए। बच्चों के शब्दों को सही लिखने पर शाबासी प्रदान दी। कक्षा चार में पाठ अजमेर की सैर में से कुछ प्रश्न भी पूछे। इस दौरान हिंदी की शिक्षक को सही ढंग से पढ़ाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बालिकाओं से उनके घर में शौचालय है या नहीं इसकी भी जानकारी ली। जिनके घर में शौचालय नहीं है, उनकी सूची बनाने तथा अभिभावकों को शौचालय बनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश शिक्षकों को दिए। बीईईओ अनिल पोरवाल भी मौजूद थे। इधर एडीईईओ राजेंद्र कुमार शर्मा ने दौलतपुरा स्कूल का निरीक्षण किया। अभियान के तहत बुधवार को भी 81 अधिकारी करीब 80 स्कूलों का निरीक्षण करेंगे।