पंडोखर सरकार का दरबार कल से
चित्तौड़गढ़ | श्रीपंडोखर सरकार का त्रिकालदर्शी दिव्य दरबार शहर के द्वारिकाधाम में 18 से 21 सितंबर तक आयोजित होगा। आयोजन समिति से जुड़े सीए सुशील शर्मा, जिला सहकार संघ अध्यक्ष अनंत समदानी, एडवोकेट प्रदीप काबरा, पप्सा टांक ने बताया कि तीनों दिन प्रतिदिन सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक दरबार में श्रीपंडोखर सरकार याचकों की समस्या अथवा सवाल सुनकर उनका उत्तर लिखित में पर्ची के माध्यम से देंगे। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए कोई शुल्क नहीं है, लेकिन प्रत्येक व्यक्ति को पंजीयन कराना होगा। जिससे उसे एक नंबर मिलेगा। क्रम अनुसार ही लोग महाराज के पास पहुंचेंगे। एक व्यक्ति एक ही प्रश्न पूछ सकेगा। यहां राजस्थान से भी विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्वालु आएंगे। गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व पंडोखर सरकार के चित्तौड़गढ़ आगमन के दौरान यहां प्रवासरत आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी उनसे मिलने के लिए पहुंचे थे। इसके बाद ही स्थानीय कई लोगों ने उनके आश्रम में पहुंचकर चित्तौडगढ में दरबार लगाने का आमंत्रण दिया। पंडोखर सरकार की भी इच्छा रही कि इस ऐतिहासिक, भक्ति और शक्ति की नगरी में दरबार लगाए। एमपी के दतिया क्षेत्र में स्थित पंडोखर धाम के संत प्रत्येक माह में अमावस्या से पंचमी तिथि तक ही अपने इस आश्रम में दरबार लगाते हैं। शेष दिन में वे देश भ्रमण पर रहते हुए दरबार लगाते हैं।