- Hindi News
- अधिकारी करेंगे निरस्त प्रकरणों का सत्यापन
अधिकारी करेंगे निरस्त प्रकरणों का सत्यापन
सरकारआपके द्वार कार्यक्रम के तहत निरस्त किए गए प्रकरणों का भी सत्यापन संबंधित विभागों के अधिकारी शीघ्रता से करें। यह निर्देश कलेक्टर वेदप्रकाश ने सोमवार को सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत प्राप्त परिवेदनाओं के संबंध में जिला स्तरीय अधिकारियों की मीटिंग में दिए।
कलेक्टर वेदप्रकाश ने निर्देश दिए कि वे सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों, परिवादों तथा बाद में प्राप्त हुए परिवादों पर की गई कार्रवाई, राहत तथा निरस्त मामलों का सत्यापन कर इसकी रिपोर्ट प्रतिदिन जिला कार्यालय को भिजवाना सुनिश्चित करें। जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के सभागार में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत सीएम द्वारा जिले में भ्रमण के दौरान की गई घोषणा, सुराज संकल्प यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं, सुराज संकल्प बिंदुओं की क्रियान्विति, प्राप्त परिवेदनाओं तथा परिवेदनाओं के सत्यापन की समीक्षात्मक मीटिंग में मौजूद विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों से कलेक्टर ने जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत दिए गए प्रकरणों के संबंध में भ्रमण कर संबंधित परिवादी से मिलकर जानकारी लें। निरस्त किए गए प्रकरणों का भी सत्यापन सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने एडॉप्टर अधिकारियों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सरकार आपके द्वार कार्यक्रम तथा इसके पश्चात प्राप्त परिवेदनाएं जो राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज हैं, का पुनः सत्यापन तत्काल प्रारंभ कर दें।
इस अवसर पर एडीएम सुरेश चंद, डा. रौनक बैरागी, सीईओ लक्ष्मीकांत बालोत, यूआईटी सेक्रेट्री मगनलाल योगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।