स्टेडियम को किया साफ-सुथरा
शहरका इंदिरा गांधी स्टेडियम सोमवार को एक झटके में साफ-सुथरा नजर आने लगा। यहां-तहां पसरी गंदगी, गाजर घास और अवांछित झाड़ियों पौधों को महज तीन घंटे में उखाड़ फेंकने के साथ जलाकर नष्ट कर दिया गया। इस काम के लिए डीईओ और प्रिंसीपल से लेकर स्कूल विद्यार्थियों और एनएसएस की बालिकाओं तक के हाथ एक साथ उठ खड़े हुए।
दैनिक भास्कर ने समाधान मिलजुलकर अभियान के तहत सोमवार को ’स्टेडियम में आयोजनों से खेल पर पड़ता है असर” शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर इंदिरा गांधी स्टेडियम की बिगड़ी दशा को बयां किया था। इस पहल पर माध्यमिक शिक्षा विभाग आगे आया। डीईओ मुरारीलाल शर्मा ने श्रमदान कर स्टेडियम को साफ करने के लिए शहीद मेजर नटवर सिंह शक्तावत राउमावि एवं सिटी गर्ल्स स्कूल प्रशासन को प्रोत्साहित किया। कुछ ही देर में शर्मा की अगुवाई में मेजर नटवर सिंह स्कूल से प्रधानाचार्य गणेशलाल पूर्बिया, पीटीआई शकील अहमद, सुरेश शर्मा, एनसीसी के नरेश पडियार, स्काउट के चतर सिंह, स्टूडेंट पुलिस कैडेट के चंद्रशेखर त्रिपाठी के नेतृत्व में करीब 80 विद्यार्थी एवं राबाउमावि प्रधानाचार्य कल्याणी दीक्षित के आग्रह पर एनएसएस प्रभारी डॉ. बादाम चौधरी एवं आभा मेहता के नेतृत्व में एनएसएस की 81 बालिकाएं स्टेडियम में पहुंच गई। आते ही सभी उत्साह से साफ-सफाई में जुट गए। छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने करीब तीन घंटे तक श्रमदान करते हुए केवल यहां-तहां बिखरा कचरा और पॉलिथीन की थैलियां हटाई, बल्कि गाजर घास एवं आकडे के पौधे तक उखाड़े तथा एकत्रित कर जलाया। स्टेडियम साफ सुथरा नजर आने लगा। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने कहा कि यदि इसी प्रकार महीने में दो-तीन बार यहां पर श्रमदान किया जाए तो कभी स्टेडियम पर गंदगी नजर नहीं आएगी।
दैनिक भास्कर के अभियान से प्रेरणा लें: शर्मा
श्रमदानके दौरान डीईआे माध्यमिक मुरारीलाल शर्मा ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि दैनिक भास्कर के समाधान मिलजुलकर से प्रेरणा लेनी चाहिए। किसी भी समस्या का समाधान कोई अकेला व्यक्ति नहीं कर सकता। समाधान के लिए मिलजुलकर आगे आने की जरूरत है। नटवरसिंह शक्तावत राउमावि प्रधानाचार्य गणेशलाल पूर्बिया ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के आव्हान पर पूरे देश में स्वच्छता अभियान चल रहा है। इसी कड़ी में भास्कर ने समाधान मिलजुलकर अभियान के माध्यम से इंदिरा गांधी स्टेडियम की सुध लेने का अच्छा काम किया है। पीटीआई शकील अहमद एवं सुरेश शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए।
डीईओ को फावड़ा चलाते देख उत्साहित हुए
स्टेडियमपर सबसे पहले खुद डीईओ माध्यमिक मुरारीलाल शर्मा ही फावड़ा लेकर गाजर घास एवं गंदगी हटाने लगे। इससे उत्साहित शिक्षक एवं विद्यार्थी जोश के साथ सफाई में लग गए। सुबह सर्द मौसम के बावजूद शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के शरीर से पसीना टपकने लगा, लेकिन तीन घंटे तक बिना रुके श्रमदान करते रहे।
विद्यार्थियों,शिक्षकों ने कहा- धन्यवाद भास्कर
तीनघंटे के श्रमदान करने के बाद जब स्टेडियम साफ सुथरा नजर आने लगा तो सभी ने इस मुहिम के लिए भास्कर को धन्यवाद दिया एवं आगामी दिनों में फिर से इसी तरह श्रमदान के लिए तैयार रहने का आश्वासन दिया।
साथमें यह विनती भी की
स्टेडियमकी सफाई के बाद विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भास्कर के माध्यम से विनती करते हुए कहा कि स्टेडियम में चाहे कोई सभा हो या अन्य बड़ा कार्यक्रम। आयोजकों को इसे काम में लेने के बाद तत्काल सफाई कराने की जिम्मेदारी से मुंह नहीं मोड़ना चाहिए। कारण, यह स्टेडियम खिलाड़ियों सेहत के लिए सैर करने वालों के साथ शहर की शान है। इसलिए यह सदैव साफ रहना चाहिए।
चित्तौड़गढ़ | रविवारतक यहां पड़े कचरे गाजर घास को हटाकर जलाया गया।
चित्तौड़गढ़ | स्टेडियममें कचरा साफ करते हुए एनएसएस की बालिकाएं। अभियान के तहत फावड़ा लेकर सफाई कार्य में जुटे डीईओ शर्मा, प्राचार्य पूर्बिया, शिक्षक विद्यार्थी।