अहमदाबाद जाएगा चित्तौड़ डेयरी का दूध
चित्तौड़गढ़-प्रतापगढ़दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के चेयरमैन बद्रीलाल जाट ने कहा कि चित्तौड़ डेयरी ने इस साल एक लाख लीटर प्रतिदिन से ज्यादा दूध के संकलन का आंकड़ा छू लिया है। अब चित्तौड़गढ़ डेयरी का दूध जल्द ही गुजरात के अहमदाबाद जाएगा।
डेयरी चेयरमैन जाट मंगलवार को डेयरी प्लांट में चित्तौड़गढ़-प्रतापगढ़ डेयरी की पांचवी वार्षिक आमसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भविष्य में दुग्ध उत्पादकों, समितियों के सचिव और वितरकों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की जाएंगी। दुग्ध उत्पादक समिति के सकल लाभ तीन रुपए में से 50 पैसा सचिव कल्याण कोष में दिया जाएगा। दूध पाउडर पशु आहार प्लांट लगाने के प्रयास जल्द शुरू होंगे। चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभानसिंह आक्या ने सरकार की ओर से संघ को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। बेगूं विधायक सुरेश धाकड़ ने रावतभाटा बेगूं में भी डेयरी शुरू करने का आग्रह किया। कलेक्टर वेद प्रकाश ने कहा कि चित्तौड़ डेयरी का दूध संकलन एक लाख लीटर प्रतिदिन से ज्यादा पहुंचना अच्छा संकेत है। लाभ के साथ डेयरी सदस्यों के कल्याण की योजनाएं लागू हों। कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर, जिला परिषद के सीईओ लक्ष्मीकांत बालोत, कपासन एसडीएम गीतेश श्रीमालवीय, सभापति सुशील शर्मा, विद्युत वितरण निगम के एसई डीपी दुबे, मांगीलाल अहीर, गोविंदसिंह शक्तावत आदि मौजूद थे। सर्वाधिक दुग्ध संकलन अधिक घी बिक्री करने वाली समितियों को भी सम्मानित किया गया। डेयरी के प्रबंध संचालक अतुल शुक्ला ने आभार जताया।
चित्तौड़गढ़ | डेयरीकी आमसभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष बद्रीलाल जाट।
विरोध के स्वर भी, चेयरमैन हुए नाराज
समारोहके दौरान एक समिति अध्यक्ष नारायणलाल द्वारा कई तरह के सवाल उठाकर विरोध जताया गया। उन्होंने वर्ष 2012 में डेयरी प्लांट में कनिष्ठ लेखाकार के खिलाफ एसीबी जांच तथा छोटीसादड़ी चिलिंग प्लांट इंचार्ज को रिश्वत के आरोप में पकड़े जाने के मामलों में प्रगति के बारे में पूछा। भुगतान में देरी तथा पशु आहार समय पर उपलब्ध कराने, पुरानी समिति के कार्यक्षेत्र में नई समिति नहीं खोलने की भी बात उठाई। एक अन्य समिति पदाधिकारी द्वारा भी समारोह में सवाल उठाने पर डेयरी चेयरमैन जाट को उसे बड़ी मुश्किल से शांत करना पड़ा। जाट ने कहा कि कुछ अपने ही लोग संघ की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
छ