अपहरण कर किया हमला
थानाक्षेत्र के देवीपुरा गांव स्थित सरकारी स्कूल के खेल मैदान में अतिक्रमण की शिकायत करने की आशंका जताते हुए पांच लोगों ने एक अधेड़ को जमकर पीट दिया। इससे वह गंभीर घायल हो गया।
देवीपुरा निवासी ओमप्रकाश अहीर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि स्कूल के खेल मैदान में कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। इसकी शिकायत किसी ने प्रशासन को की, जिस पर प्रशासन ने गत 27 नवंबर को वहां से अतिक्रमण हटा दिया। इस पर अतिक्रमण करने वाले सीताराम पुत्र छोगालाल अहीर, घनश्याम पुत्र देवीलाल अहीर, गोपाल पुत्र देवीलाल, देवीलाल पुत्र कालू अहीर रतनलाल पुत्र लोभा अहीर उसके पिता माधवलाल अहीर पर शंका करते हुए रंजिश रख रहे हैं। गुरुवार को उसके पिता करीब तीन बजे आंवला फैक्ट्री से जूस लेने गए थे। वहां पर उसके पिता माधवलाल को अकेला देखकर सीताराम, घनश्याम, गोपाल, देवीलाल रतन ने उन्हें घेर लिया।
जबरन बाइक पर बिठाकर अपहरण कर ले गए। इसके बाद मेजा फीडर के पुलिया पर ले जाकर हत्या करने की नीयत से उन लोगों ने उसके पिता माधवलाल की जमकर पिटाई की। इससे उनके हाथ-पैर टूट गए। गंभीर घायल माधवलाल अहीर को राशमी अस्पताल लाने के बाद चित्तौड़गढ़ रैफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दिया।