बिना प्रभारी मंत्री के हुई मीटिंग
राज्यसरकार के निर्देश पर बुधवार को सभी जिलों में प्रभारी मंत्रियों सचिवों की मौजूदगी में सरकार अापके द्वार अभियान की समीक्षा तथा जिले की प्राथमिकताएं तय करने के लिए आयोजित मीटिंग चित्तौडगढ में बिना प्रभारी मंत्री के ही हुई। यहां के प्रभारी मंत्री नंदलाल मीणा प्रतापगढ़ में अपनी पुत्र वधू के जिला प्रमुख पदभार ग्रहण समारोह में भाग लेने के कारण नहीं पाए।
पंचायत चुनाव से निबटने के बाद सरकार ने हर जिले में जनसुनवाई कार्यक्रम का नया कार्यक्रम तय किया। इसके तहत यहां भी बुधवार को प्रभारी मंत्री नंदलाल मीणा प्रभारी सचिव नवीन महाजन को जिलास्तरीय अधिकारियों की मीटिंग लेनी थी। महाजन तो तय समय सुबह 11 बजे डीआरडीए हॉल में पहुंच गए, लेकिन मंत्री मीणा नहीं पहुंच पाए। कंट्रोल रूम और सर्किट हाउस में भी उनकी कोई लोकेशन या सूचना नहीं थी। लिहाजा बिना उनके जिक्र के मीटिंग तय समय पर शुरू होकर पूरी हो गई। सांसद सीपी जोशी सहित जिले के चार विधायक, जिला प्रमुख लीला जाट उप जिला प्रमुख पिंकी अहीर कुछ प्रधान भी पहुंचे। मीटिंग में प्रभारी मंत्रियों को सरकार आपके द्वार अभियान में प्राप्त परिवेदनाओं खासकर सीएम विजिट की घोषणाओं पर चर्चा के साथ जिले की पांच प्राथमिकताएं तय कर रिपोर्ट सरकार को देने के निर्देश तय किए गए। इधर मंत्री मीणा ने प्रतापगढ़ में अपनी पुत्रवधू सारिका के जिला प्रमुख पदभार ग्रहण समारोह में भाग लेने के बाद वहां के प्रभारी सचिव के साथ अधिकारियों की मीटिंग लेकर चर्चा की।
इधर, दूसरे जनप्रतिनिधि भी चले गए: प्रभारी सचिव महाजन अधिकारियों की मीटिंग को कुछ देर के लिए छेड़कर विधायकों कलेक्टर के साथ अलग से चर्चा करने निकले तो मीटिंग में मौजूद कुछ जनप्रतिनिधि भी निकलने लगे। जिला प्रमुख लीला जाट, उप जिला प्रमुख पिंकी अहीर, प्रधान चित्तौडगढ प्रवीण सिंह राठौड़, राशमी मधु नुवाल, बड़ीसादड़ी चेतना मेघवाल, निम्बाहेड़ा जसोदा मीणा भी बाद में अन्य कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गई। हालांकि एडीएम सुरेशचन्द, डा.रौनक बैरागी सीईओ लक्ष्मीकांत बालोत मीटिंग लेते रहे।
महाजन ने अलग से की विधायकों के साथ मीटिंग
मीटिंगमें आए जिले के चारों विधायक अपने क्षेत्र में सड़कों की दुर्दशा सहित कुछ अन्य इश्यू रखने के बाद जाने लगे तो प्रभारी सचिव नवीन महाजन ने उनको कुछ देर रोका। महाजन कलेक्टर वेदप्रकाश सहित विधायकों को लेकर कलेक्ट्रेट के एक चेंबर में गए। जहां करीब एक घंटे तक विस वार बिंदुओं पर चर्चा की गई।