अपहरण कर बनाए फर्जी दस्तावेज
बेगूं | थानाक्षेत्र के तारा पीपली गांव के आठ-दस लोगों ने एक व्यक्ति का अपहरण कर ट्रैक्टर के विक्रय पत्र के लिए खाली स्टांप पर हस्ताक्षर करवाकर छोड़ दिया। युवक ने मामला दर्ज करवाया।
पुलिस के अनुसार धामंचा निवासी शंभूलाल पुत्र भंवरलाल धाकड़ ने तारा पीपली निवासी पप्पूलाल पुत्र प्रेमचंद धाकड़ समेत अाठ-दस लोगों के खिलाफ अपहरण, फर्जी दस्तावेज तैयार कराने ट्रैक्टर छीन लेने का मामला दर्ज कराया। बताया गया कि आरोपी गत 16 सितंबर को शंभूलाल धाकड़ का अपहरण कर चित्तौड़गढ़ ले गए। वहां खाली स्टांप पर हस्ताक्षर कराकर ट्रैक्टर का विक्रय पत्र तैयार करवाया। बुधवार शाम शंभूलाल उनके चंगुल से छूटा तो उसने थाने में पहुंचकर मामला दर्ज कराया। बताया गया कि आरोपियों ने शंभू के नाम भूमि पर ऋण लेकर ट्रैक्टर लिया था। ट्रैक्टर ट्रीलर भी आरोपी उठा ले गए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी।