चोरी के आरोपी से कई खुलासे संभव
सीमेंटफैक्ट्री से भरकर ले जाए गए सीमेंट के 540 कट्टे खुर्द-बुर्द करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी से और भी खुलासे होने की संभावना है। चंदेरिया पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को 15 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर लिया है। चंदेरिया थाने के एसआई अंबालाल ने बताया कि आरोपी ट्रेलर ड्राइवर भदेसर थाना क्षेत्र के नवाबपुरा निवासी प्रहलाद रायका को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 15 दिसंबर तक के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि उसने सीमेंट के 540 कट्टे कहां खुर्द-बुर्द किए। आशंका जताई जा रही है कि सीमेंट चित्तौड़गढ़ में ही किसी ठेकेदार या व्यापारी को कम दामों में बेच दी गई। आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद कई लोगों में खलबली मच गई है।