अधजली लाश को कुत्तों ने नोंचा
जिलेमें बुधवार को दो ऐसे मामले सामने आए, जिससे मानवीयता शर्मसार हो जाती है। एक मामले में गंगरार थाना पुलिस की संवेदनहीनता सामने आईं, जबकि उसने दुर्घटना में मरे अज्ञात व्यक्ति की लाश को अधजला छोड़ दिया। मोक्षधाम में कुत्तों द्वारा अधजली लाश को नोंचकर की जा रही दुर्गति को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई तो उसका दुबारा अंतिम संस्कार किया गया। दूसरे मामले में अपहरण दुष्कर्म की पीड़िता नाबालिग छात्रा मां बन गई।
गंगरार| नेशनलहाइवे पर जोजरों का खेड़ा के पास पीछे से आते अज्ञात वाहन ने एक व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने मंगलवार शाम को स्थानीय मोक्षधाम में अज्ञात मृतक को दाह संस्कार के लिए ले गई, शव का अंतिम संस्कार पूरा होने से पहले ही पुलिस मौके से वापस थाने पहुंच गई। बुधवार सुबह मोक्षधाम के पास मंदिर होटल पर स्थित कुछ लोगों ने कुत्तों द्वारा एक मांस के लोथडे़ को नोंचने के लिए खींचतान करते देखा। लोगों ने पुलिस को इस घटना की जानकारी दी, जिस पर पुलिस ने दुबारा मोक्षधाम पहुंचकर अधजले शव को वापस जलाया।
अपहरण दुष्कर्म पीड़ित बालिका बन गई मां
बेगूं.दसमहीने पहले अपहरण दुष्कर्म की शिकार हुई रायता गांव की नाबालिग छात्रा ने बुधवार को कस्बे के सीएचसी पर बुधवार को बालिका को जन्म दिया। मां बच्ची दोनों सुरक्षित हैं। गौरतलब है कि जयनगर रोड पर स्थित सरकारी छात्रावास में पढ़ने वाली नौवीं कक्षा की आदिवासी छात्रा को करीब 10 महीने पहले उसकी बहन बहनोई ने 60 हजार रुपए में एक युवक दिलीप माली को बेच दिया था। इस मामले में अपहर्ता युवक समेत नाबालिग के बहन-बहनोई के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज हुई थी। बेगूं पुलिस ने आरोपी युवक को ब्यावर से गिरफ्तार करने के साथ ही छात्रा को दस्तियाब किया था। युवक लूट के किसी मामले में ब्यावर जेल में बंद था। न्यायालय में बयान के बाद नाबालिग छात्रा को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया था। हालांकि इस मामले के बाद उसकी पढ़ाई छूट गई।