सोनोग्राफी के लिए मरीजों की कतार
शहरके राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भामाशाह के सोनोग्राफी की मशीन देने और इसके लिए हफ्ते में दो दिन सोमवार गुरुवार को सोनोग्राफी करने के लिए जयपुर कांवटिया अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक को नियुक्त करने के बाद गुरुवार को पहले दिन सोनोग्राफी कराने वाले मरीजों की लंबी कतार लगी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार गुरुवार को 19 सोनोग्राफी की गई है। इनमें अधिकांश प्रसूताएं थीं।
भामाशाह के सोनोग्राफी मशीन सीएचसी को भेंट करने के बाद काफी समय तक इसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति नहीं हो पाई थी। इस कारण मरीजों को निजी लैबों पर ही सोनोग्राफी कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था। जो आर्थिक रूप से भी मरीजों को भारी पड़ रहा था। इस समस्या को देखते हुए विधायक रामलाल शर्मा ने चिकित्सा मंत्री से मिलकर हफ्ते में दो दिन के लिए जयपुर कांवटिया अस्पताल के चिकित्सक नियुक्त कराया, जिसके बाद गुरुवार को सोनोग्राफी का कार्य शुरू किया गया।