सजा मां का दरबार उमड़े भक्त अपार
शक्तिकी उपासना, मां दुर्गा की आराधना का पर्व नवरात्र गुरुवार को घट स्थापना के साथ शुरू हुआ। देवी मंदिर आकर्षक रोशनी से जगमगा उठे। गढ़ मंदिर सहित विभिन्न देवी मंदिरों में पुष्पमाला से मां का मनोरम शृंगार किया गया। अलसुबह मंगल आरती के साथ पूजा अर्चना का दौर शुरू हुआ जो दिनभर चला। घट स्थापना के साथ ही देवी मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। भक्तों ने श्रद्धा से शीश नवा कर मां जगदंबा से सुख समृद्धि की कामना की। बाजार में डांडियां की खरीदारी को लेकर दिनभर चहल-पहल रही।
मंदिरों में रही भक्तों की रेलमपेल
गढ़ मंदिर स्थित जोगमाया मंदिर में दर्शन पूजन के लिए सुबह से भक्तों की कतारें लगने लगीं। पहले दिन अलसुबह आरती में बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। देवी मंदिर मां के जयकारों से गूंज उठे। भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर ट्रस्ट की ओर से विशेष इंतजाम किए गए। इसके अलावा स्टेशन रोड स्थित वांकल माता मंदिर, चौहटन रोड स्थित जगदंबा माता मंदिर रोडवेज डिपो स्थित देवी मंदिर सहित कई मंदिरों में भक्तों ने श्रद्धा से आराधना कर खुशहाली की कामना की।
उपवास रखकर की आराधना
बच्चे, महिलाएं वृद्ध सभी ने श्रद्धा से नवरात्र का व्रत रखा तथा मां दुर्गा की विधि विधान से आराधना की। जसदेर धाम में अखंड ज्योति हवन शुरू हुआ जो नौ दिन तक चलेगा। गायत्री शक्तिपीठ में सुबह गायत्री यज्ञ का आयोजन हुआ। इसी तरह सुभाष चौक स्थित जोगमाया मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। मंदिर में मां का विशेष शृंगार किया। विभिन्न देवी मंदिरों में भक्तों ने श्रद्धा से दुर्गा चालीसा दुर्गा सप्शती का पाठ किया।
विरात्रा मां के दरबार में उमड़े श्रद्धालु
घट स्थापना पर पहले दिन मां विरात्रा के दर्शन के लिए भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। ट्रस्ट अध्यक्ष भैरसिंह सोढ़ा ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन पंडितों के सान्निध्य में हवन कर सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए विशेष इंतजाम किए गए। इसी तरह वैर माता मंदिर, जुना विरात्रा, गोराणा माता मंदिर, जगदंबा माता मंदिर, खेमा बाबा मंदिर सहित विभिन्न मंदिराें में धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए।
कुबड़माता में महोत्सव
मांगता स्थित कुबड़माता मंदिर में शुभ वेला में घट स्थापना के साथ ही नवरात्र महोत्सव का आगाज हुआ