प्रशिक्षण से होता है दक्षता में इजाफा
चूरू|वार्ड 42स्थित पार्वती भवन में साथिनों के पुनश्चर्या प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए महिला आधिकारिता विभाग की कार्यक्रम अधिकारी मैरिंगटन सोनी ने कहा कि कोई भी प्रशिक्षण आपके कार्य में दक्षता और कौशल का विकास करता है, इसलिए प्रशिक्षण को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और एक-एक बारीकी पर जिज्ञासु प्रवृत्ति से काम किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि साथिन अपने विभागीय कार्य के अलावा विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों एवं विभागीय योजनाओं की महिलाओं को जानकारी देकर महिला सशक्तीकरण की दिशा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का समुचित लाभ हरेक पात्र व्यक्ति को मिले, इसके लिए जागरुकता बहुत जरूरी है और साथिनें यह काम बहुत बेहतर ढंग से कर सकती हैं। विभाग की प्रचेता अमिता एवं भतेरी ने विभाग द्वारा संचालित अनेक योजनाओं पर प्रकाश डाला। इस दौरान जेंडर बजटिंग एवं जेंडर संवेदनशीलता जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई। संचालन कनिष्ठ लिपिक अनिल कुमार ने किया।