तीन दिवसीय नेत्र चिकित्सा शिविर कल से शुरू होगा
राजकीयबच्छावत नेत्र अस्पताल में तीन दिवसीय निशुल्क लैंस प्रत्यारोपण नेत्र ऑपरेशन शिविर का शुभारंभ 11 फरवरी को होगा। शिविर प्रभारी लक्ष्मीनारायण शर्मा ने बताया कि लायंस क्लब, रुकमानंद रामावतार बजाज, जिला अंधता निवारण समिति आरएमआरएस के सहयोग से लगने वाले शिविर के तहत सुबह नौ बजे से रजिस्ट्रेशन शुरू होगा तथा मरीजों की जांच कर ऑपरेशन के लिए भर्ती किया जाएगा। शिविर में पहुंचने वाले रोगियों को बीपी शुगर की जांच एक-दो दिन पूर्व ही करवाकर रिपोर्ट साथ लेकर आनी होगी। 12 फरवरी को वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल चावला, डॉ. दिनेश शर्मा, डॉ. पीसी ढाका, डॉ. धर्मेंद्र शर्मा, एलटी रविकांत शर्मा उनकी टीम के सदस्य ऑपरेशन करेंगे। 13 फरवरी को मरीजों की जांच कर शिविर का समापन होगा। सचिव लायन सुनील रंजन टकणेत ने बताया कि शिविर में मरीज एक अटेंडेंट के रहने खाने की व्यवस्था भी निशुल्क रहेगी। ऑपरेशन के बाद मरीजों को दवाएं भी निशुल्क प्रदान की जाएगी।