- Hindi News
- गराडि़या महादेव की कराई में मिला युवती का शव, पुलिस कर रही परिजनों की तलाश
गराडि़या महादेव की कराई में मिला युवती का शव, पुलिस कर रही परिजनों की तलाश
डाबीइलाके में गराडिया महादेव मंदिर के नीचे गहरी कराई में मंगलवार को एक युवती का शव मिला। उस तक पहुंचना पुलिस के लिए नामुमकिन था, तो आरएसी की मदद ली गई।
आरएसी की टीम चंबल के रास्ते 15 किलोमीटर गराडिया महादेव की तरफ पहुंची और बड़ी मशक्कत के बाद शव को बोट तक लाया गया। उसके बाद उसे आरएसी के मुख्यालय तक लाया और बाद में एमबीएस अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया है। पुलिस अभी तक यह तय नहीं कर पाई है कि वह 300 फीट की गहराई में कैसे गिरी। उसे फेंका गया है कि वह खुद ही गिरी है। पुलिस का कहना है कि उसकी पहचान के बाद ही आगे कुछ पता चल सकेगा। डाबी थानाधिकारी उद्यम सिंह ने बताया कि दोपहर को सूचना मिली कि पहाड़ी क्षेत्र में गराडिया महादेव मंदिर के नीचे एक युवती पड़ी हुई है। जगह काफी नीचे होने से उस तक वहां से पहुंचना मुमकिन नहीं था।
कोटा में आरएसी से बात की गई। पुलिस टीम कोटा पहुंची और आरएसी के साथ बोट से घटना स्थल पर पहुंची। चंबल से भी वह जगह काफी दूर चट्टानों में थी। बहुत मुश्किल से आरएसी और पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। देखा तो युवती मृत थी। उसे उठाकर आरएसी के हैड क्वाटर्स के पास लाया गया। वहां से मुर्दाघर में शव रखवा दिया है। उसकी उम्र करीब 20 से 22 साल, रंग गोरा है और उसने सलवार सूट पहन रखा है। काफी ऊंचाई से गिरने से उसके हाथ-पैर टूट चुके थे और सिर में भी काफी चोट थी। शव एक दिन पुराना ही लग रहा है। अब यह जांच का विषय है कि उसे नीचे फेंका गया है या वह खुद गिरी है। ऊपर किसी प्रकार का वाहन या अन्य कोई चीज नहीं मिली है। अभी हत्या, हादसा या सुसाइड की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। पहचान होने के बाद जांच में मदद मिलेगी। हालांकि यह जरूर है कि इतनी दूर अकेली लड़की क्यों जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद सभी प्रकार की शंकाएं दूर होंगी यह भी लगता है कि संभवत लड़की कोटा या आसपास के रहने वाली है। पहचान के लिए सभी थानों में सूचना कर दी गई है।