चेन्नईयन को ड्रॉ पर रोका दिल्ली ने
दिल्लीडायनामोज ने कप्तान हंस मुल्डर के 88वें मिनट में किए गोल से इंडियन सुपर लीग में शीर्ष पर काबिज चेन्नईयन एफसी को 2-2 से ड्रॉ पर रोका। दिल्ली के खिलाफ पहले मैच में मिली 1-4 की पराजय का बदला लेने उतरी चेन्नईयन टीम ने शानदार शुरुआत की और ब्रूनो पेलिसारी ने 16वें मिनट में कॉर्नर किक को गोल में बदल टीम को शुरुआती बढ़त दिला दी। 28वें मिनट में जेजे लालपेखलुआ ने टीम की बढ़त को दुगना कर िदया। हाफ टाइम तक 0-2 से पिछड़ी दिल्ली टीम ने दूसरे हाफ में बेहतरीन खेल दिखाया और 52वें मिनट में अलेसांद्रो डेल पियरो ने फ्रीकिक को गोल में बदल स्कोर 1-2 किया।
मैच खत्म होने से दो मिनट पहले दिल्ली के कप्तान हंस ने शानदार गोल दाग टीम को बराबरी दिला दी। इसी के साथ दिल्ली के 14 मैचों से 18 अंक हो गए हैं और वह चौथे स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी ओर चेन्नईयन ने 14 मैचों से 23 अंक जुटा शीर्ष स्थान बरकरार रखा हैै।