आरसीएफ मुंबई जलकोड़ा टीमों में आज होगा फाइनल
अंचल की खेल खबर
कस्बेमें प्रेमसिंह सिंघवी की स्मृति में जयहिंद क्लब की ओर से आयोजित अखिल भारतीय सिल्वर कप फुटबाॅल प्रतियोगिता में शनिवार को चौथे दिन दो सेमीफाइनल मैच खेले गए। इनमें आरसीएफ मुंबई जलकोड़ा (बिहार) की टीमें जीतकर फाइनल में पहुंची। दोनों टीमों में रविवार को फाइनल मुकाबला होगा।
जयहिंद क्लब के अध्यक्ष ओमप्रकाश बाठला, अब्दुल वहीद खान ने बताया कि प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल दोपहर 12 बजे से जेएफसी जयपुर आरसीएफ मुंबई के बीच खेला गया। खेल के प्रथम हाफ में दोनों टीम के खिलाड़ी गोल नहीं कर सके। मैच के आखिरी क्षणों में 85वें मिनट में आरसीएफ मुंबई के खिलाड़ी केविन पेट्रिक ने गोल दागकर टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। जयपुर की टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहे नाइजीरियन खिलाड़ी भी टीम के लिए कुछ नहीं कर सके। मुंबई आरसीएफ ने जयपुर से 1-0 से मुकाबला जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल दोपहर बाद 3 बजे से जेवाईएसी जलकोड़ा (बिहार) एयर इंडिया मुंबई के बीच खेला गया। इसमें जलकोड़ा बिहार के खिलाड़ी करण ने 16वें मिनट में गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। दूसरा गोल नाइजीरियन खिलाड़ी काली ने 19वें मिनट में किया। वहीं करण ने 24वें मिनट में ही तीसरा गोल किया और एक मिनट बाद खिलाड़ी उजोर ने गोल दागकर टीम को प्रथम हाफ में ही 4-0 की बढ़त दिला दी। एयर इंडिया मुंबई की ओर से सुनेश नईयर ने 42वें मिनट में गोल कर टीम को ऊर्जा देने का प्रयास किया।
छीपाबडौद. कस्बे में चल रही सिल्वर कप फुटबॉल प्रतियोगिता में सेमीफाइनल मैच खेलती टीमें।