कलेक्टर ने सिखाया रूपे कार्ड से रुपए निकालना
झालावाड़| कलेक्टरडॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ उठा रहे निरक्षर वृद्धों एवं विधवाओं को रूपे कार्ड के माध्यम से पेंशन की राशि निकालने का सरल और सही तरीका समझाया।
मिनी सचिवालय स्थित अटल सेवा केन्द्र पर पेंशन भुगतान विशेष शिविर में कलेक्टर ने रूपे कार्ड धारक पेंशनर्स से बात की तथा कार्ड के माध्यम से पेंशन की राशि निकालने का तरीका बताया। यहां पर अधिकतर वृद्ध एवं विधवा पेंशनर्स अपने रूपे कार्ड के साथ पिन नंबर नहीं लेकर आए थे। इस कारण उनकी राशि का निर्गमन संभव नहीं हो पा रहा था। कलेक्टर ने उन्हें बताया कि अगली बार रूपे कार्ड उसका पिन नंबर एवं यदि आधार कार्ड है तो आधार कार्ड साथ लेकर आए। बहुत से पेंशनरों के रूपे कार्ड आधार कार्ड से जुड़े हुए हैं। कुछ बैंक आधार कार्ड के नंबर तथा बायोमेट्रिक पहचान के आधार पर उनकी पेंशन राशि का भुगतान कर रहे हैं। कलेक्टर ने बिना पिन वाले पेंशनर्स की पेंशन राशि का भुगतान आधार कार्ड के नंबर तथा बायोमेट्रिक पहचान के द्वारा करवाया। कलेक्टर ने पेंशनरों का आव्हान किया कि वे रूपे कार्ड के साथ पिन नंबर जानकारी किसी दूसरे को नहीं दें। कलेक्टर ने नगर परिषद के आयुक्त रामनारायण बडग़ुर्जर को निर्देश दिए कि वे केन्द्र के बाहर सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अन्तर्गत दी जाने वाली पेंशन राशि की प्रक्रिया को चित्रों के माध्यम से समझाने के लिए पोस्टर बनाकर लगाए ताकि निरक्षर व्यक्ति भी उसे समझकर पेंशन राशि निकाल सकें।
कलेक्टर ने बताया कि बहुत से पेंशनर्स के भामाशाह योजना में बैंक खाते खोले गए थे। इन बैंक खातों में पेंशन की राशि चुकी है लेकिन पेंशनर्स को इसके बारे में जानकारी नहीं थी। अतः पूरे जिले में शहरी क्षेत्रों के लिए 5-5 वार्डों में तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए हर पंचायत समिति की 10-10 ग्राम पंचायतों में विशेष भुगतान शिविर 10 फरवरी से आंरभ किये गए हैं तथा ये 7 दिन तक चलेंगे ताकि लाभार्थियों को उनकी पेंशन का भुगतान शीध्र किया जा सके।