अलवर को हराकर बीकानेर बना सिरमौर
शहरमें चल रही 59 वीं राज्य स्तरीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में सोमवार को फाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें गत विजेता अलवर को हराकर बीकानेर की टीम ने खिताब पर कब्जा जमाया। क्रीड़ा प्रकोष्ठ प्रभारी अभिषेक राघव ने बताया की श्रीराम स्टेडियम में खेला गया फाइनल मैच पहले हॉफ तक संघर्ष पूर्ण रहा। इसमें सार्दूल स्पोर्टस बीकानेर के नरपत खोखर ने 12वें मिनट में गोल दागते हुए खाता खोला। कड़ी टक्कर के बीच 24वें मिनट में अलवर के प्रदीप ने गोल करते हुए स्कोर बराबर कर दिया। सैंकड हाफ में बीकानेर संजू ने दो एवं सुमेर ने एक गोल कर अलवर पर तीन गोल की बढ़त बना ली। सार्दूल स्पोटर्स बीकानेर ने 4-1 से जीत कर राज्य स्तरीय खिताब पर कब्जा जमाया। मैच के दौरान गोल कीपर से टकराकर हुए एक गोल को लेकर अलवर की टीम सहमत नहीं हुई। इसके बाद सभी खिलाड़ी मैदान से बाहर जाने लगे। यहां समझाईश कर मामला शांत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद दर्शको ने खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाया। शारीरिक शिक्षक शिवराज चौधरी एवं ऋचा वर्मा ने बताया कि सेमीफाइल मुकाबलों में सार्दुल स्पोटर््स बीकानेर ने भीलवाड़ा को दवाब में लेते हुए भारत शर्मा के 4, नदीम के 3 रोहित के 2 गोल के सहयोग से 12-0 के भारी स्कोर से रौंदते हुए फाइनल में स्थान बनाया। शारीरिक शिक्षिका नीलम कपूर ने बताया कि अलवर टीम ने एकतरफा आक्रामक प्रदर्शन दिखाते हुए प्रदीप के 3, रोहिताश्व बृजेश के 2-2 गोल के सहयोग से 9-0 के बड़े अंतर से झुंझुनू को परास्त कर फाइनल में स्थान बनाया था। मीडिया प्रकोष्ठ प्रभारी अमित भार्गव ने बताया की सोमवारी को मुकाबला प्रारंभ होने से पहले संयोजक प्रमोद शर्मा, पर्यवेक्षक रामकरण नागर, क्रीड़ा प्रकोष्ठ प्रभारी राघव, एडीईओ (शारीरिक शिक्षा) किरण सिंह ने खिलाडियों से परिचय प्राप्त किया।
शॉट लगाते दोनों टीमों के खिलाड़ी