जयपुर के उत्कर्ष क्वार्टर फाइनल में
मेजबानजयपुर के उत्कर्ष बाहेती ने जयपुर ओपन स्क्वैश चैंपियनशिप में लड़कों के अंडर-15 वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। यहां जयपुर क्लब पर खेले गए मुकाबले में उत्कर्ष ने गुरुवार को चंडीगढ़ के इंदरजीत सिंह को 11-1, 11-3, 11-3 से हराया। वहीं धामपुर शुगर मिल के रणजीत सिंह ने उलटफेर करते हुए सातवीं वरीयता प्राप्त दिल्ली के मुदित पंत को 11-5, 11-4, 7-11, 11-6 से हरा अंतिम आठ मे प्रवेश किया।
अंडर-15 वर्ग में राजस्थान के जयराज सिंह को हार का सामना करना पड़ा।
उन्हें तमिलनाडु के प्रणव ने 11-9, 11-5, 11-8 से हराकर क्वार्टर फाइनल मे जगह बनाई। इस वर्ग में उत्कर्ष के साथ ही अरमान चैफिन (गोवा), राहुल बैथा (महाराष्ट्र), आर्यन पारेख (महाराष्ट्र), अब्दुल रहमान (दिल्ली), सक्षम चौधरी (दिल्ली) भी क्वार्टर फाइनल मे पहुंच गए हैं।
सक्षम ने राजस्थान के कुणाल सिंह को 11-5, 11-4, 11-7 से हराया। अंडर-13 वर्ग में राजस्थान के लक्षित बोहरा ने कर्नाटक के अभिनव गुप्ता को 11-1, 11-4, 11-3 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। बालिका वर्ग में राजस्थान की शानैया पारूथी ने पहले राउंड का मैच जीत लिया, लेकिन प्री-क्वार्टर में उन्हें दर्शना वासुदेवन ने 11-1, 11-2,11-3 से हराया। इसी वर्ग मे राजस्थान की सुनयना शेखावत को टीना लालचंदानी (महाराष्ट्र) ने 11-5, 11-3, 11-6 से हराया।
लड़कों के अंडर-11 वर्ग में चंडीगढ़ के एकम सिंह ने महाराष्ट्र के युवराज वाधवानी को 11-4, 11-8, 11-4 से तथा अंडर-17 वर्ग में तमिलनाडु के अभय सिंह ने दिल्ली के अगस्ता तिवारी को 11-6, 11-6, 11-3 से हरा क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।