पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • छात्र के अपहरण हत्या की आशंका, जाम लगाया

छात्र के अपहरण हत्या की आशंका, जाम लगाया

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कस्बे के अक्खड़बाजी तिराहे पर शनिवार को ग्रामीणों ने 14 वर्षीय छात्र विनोद लोधा के अपहरण और कोसी-छाता रेलवे स्टेशन के बीच कटा हुआ शव मिलने को लेकर धरना देकर प्रदर्शन किया। शाम को बालक का शव पहुंचने पर ग्रामीणों परिजनों ने तिराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटा बाद ग्रामीण प्रशासन पुलिस के निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद शव उठाने के लिए राजी हुए।

मिली जानकारी के अनुसार गांव छिछरवाड़ी से गुरुवार को विनोद पुत्र रमेश चन्द लोधा कामां आते समय लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद शुक्रवार सुबह कामां थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में रेलवे पुलिस ने छात्र का शव उत्तर प्रदेश के कोसी कला छाता रेल्वे स्टेशन के मध्य रेल्वे ट्रैक पर कटी अवस्था में मिलने की जानकारी दी। वहीं दूसरी ओर घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों ग्रामीणों ने छात्र के अपहरण हत्या की आशंका व्यक्त कर अक्खड़बाजी तिराहे पर धरना प्रदर्शन किया तथा स्थानीय पुलिस प्रशासन के उदासीन रवैये के खिलाफ हंगामा किया।

पोस्टमार्टम के बाद शव के कामां पहुंचने पर ग्रामीणों परिजनों ने शव को तिराहे पर रखकर भरतपुर से कामां होकर दिल्ली जाने वाले मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर कामां एसडीएम बल्देवराम चौधरी, डीग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरूण माच्या, पुलिस उपाधीक्षक राजपाल गोदारा, थाना प्रभारी ओमप्रकाश मीणा, पहाड़ी थाना प्रभारी कप्तानसिंह, सर्व समाज विकास समिति अध्यक्ष बृजेन्द्र सिंह लोधा, समाज सेवी बल्ला चौधरी, पार्षद डालचंद उर्फ लाला मौके पर पहुंचे आक्रोशित ग्रामीणों परिजनों को समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे बाद घटना की निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद परिजन शव उठाने पर राजी हुए। देर शाम मृतक छात्र विनोद लोधा का पैतृक गांव छिछरवाड़ी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। कामां- दिल्ली मार्ग पर करीब एक घंटा जाम लगने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मार्ग में वाहनों की लंबी कतार लग गई।

कामां. सड़क पर शव को रखकर जाम लगाते ग्रामीण।