हत्या के आरोप में चार गिरफ्तार
डीग. गांवकुचावटी में गत एक सप्ताह पूर्व कचौड़ी जलेबी के भावों को लेकर आपसी प्रतिस्पर्धा में हुई झगडे की घटना में एक वृद्घ की हत्या के आरोप में शुक्रवार को पुलिस ने चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी मुरारी लाल मीणा ने बताया कि गांव कुचावटी में लोकेश एवं कलुआ लोधा आमने-सामने कचौड़ी जलेबी की दुकान करते हैं। गत 17 सितम्बर को सुबह दोनों व्यक्तियों में कचौड़ी-जलेबी के भावों को लेकर प्रतिस्पर्धा होने के कारण कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को शांत करा दिया। लेकिन शाम को दुबारा दोनों पक्षों में विवाद हो गया, जिसमें लोकेश के पिता नौहबत लोधा उम्र 56 वर्ष की मौत हो गई। थानाधिकारी ने बताया कि इस मामले में नामजद आरोपी कलुआ पुत्र दामोदर, गुड्डू उर्फ प्रमोद पुत्र कलुआ, अजय उर्फ भोला पुत्र कलुआ एवं अमर सिंह पुत्र किशनलाल लोधा को बस स्टैण्ड से गिरफ्तार किया है।