- Hindi News
- मंदिर में पकड़े युवक की ग्रामीणों ने की पिटाई
मंदिर में पकड़े युवक की ग्रामीणों ने की पिटाई
सीकरी. गांवगुलपाड़ा में शनिवार रात एक मंदिर में संदिग्धावस्था में घूम रहे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया तथा पिटाई कर दी। गुलपाड़ा चौकी प्रभारी गोपाल सिंह ने युवक को कब्जे में ले लिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम गांव जटेरी डीग निवासी जयवीर गुर्जर पुत्र मान सिंह बताया। इससे चोरी की बाइक भी बरामद की गई है।
रविवार दोपहर को इस मामले में ग्रामीणों ने पंचायत की तथा कहा कि पकड़े गए युवक के तीन साथी भागने में सफल रहे। ग्रामीणों का आरोप था कि इन्हीं युवकों ने ही पूर्व में देवी मंदिर की मूर्तियों को आग लगाई थी। ग्रामीणों ने गुलपाड़ा चौकी प्रभारी गोपाल सिंह पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाकर उन्हें हटाने तथा रात को भागने वाले युवकों को पकड़ने की मांग की। थोड़ी देर बाद पंचायत में डीग सीओ अकलेश शर्मा थानाधिकारी लोकेंद्र सिंह पहुंच गए। सीओ ने गुलपाड़ा चौकी प्रभारी को अस्थाई रूप से जांच होने तक हटा दिया तथा पकड़े गए युवक से पूछताछ कर इसके साथियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीण मान गए। इसके बाद सीओ ने सीकरी थाने में हैडकांस्टेबल भरतलाल को गुलपाड़ा चौकी प्रभारी के रूप में तथा गुलपाड़ा चौकी प्रभारी को थाने पर अस्थाई रूप से जांच होने तक के लिए लगा दिया।