- Hindi News
- कचौड़ी जलेबी के भावों को लेकर दुकानदार भिड़े, एक की मौत
कचौड़ी-जलेबी के भावों को लेकर दुकानदार भिड़े, एक की मौत
डीग. गांवकुचावटी में बुधवार शाम करीब सात बजे कचौड़ी जलेबी के भावों को लेकर दो दुकानदार आपस में भिड़ गए। जिसमें एक की मौत हो गई। भावों को लेकर दोनों में प्रतिस्पर्धा हो गई और इसी कारण विवाद हो गया था। तनाव को देखते हुए पुलिस जाप्ता अस्पताल पहुंचा और राजकीय अस्पताल में पहुंचकर पीडि़त लोगों से घटना की जानकारी ली।
एएसआई मोहर सिंह ने बताया कि गांव कुचावटी में नौहबत लोधा एवं कलुआ आमने-सामने कचौड़ी जलेबी की दुकान करते हैं। बुधवार सुबह कचौड़ी जलेबी के भावों को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। उस समय मौके पर मौजूदर ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझा कर मामला शांत करा दिया। किंतु शाम तक दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था। शाम करीब सात बजे कलुआ, किशन, अमर सिंह एवं 2-3 अन्य ने नौहबत की दुकान पर जाकर लाठी-डण्डों से हमला कर दिया। झगडे़ में 65 वर्षीय नौहबत पुत्र हरप्रसाद के सिर में लाठी लगने से गंभीर चोट आई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन एवं अन्य ग्रामीणों ने नौहबत को डीग के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।