- Hindi News
- ग्रामीण अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करें
ग्रामीण अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करें
अतिरिक्तपुलिस अधीक्षक डीग अरूण माच्या ने ग्रामीणों से अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस का सहयोग करने की बात कही है।
रविवार को गांव आरसी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक दिवसीय जनसहभागिता शिविर के दौरान एएसपी अरूण माच्या ने ग्रामीणों से मामलों को आपस में मिल बैठकर निपटाने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने की जरूरत बताई। शिविर के दौरान एएसपी ने थानाधिकारी को सभी गावों में बीट कांस्टेबल का मोबाइल नंबर लिखवाने फरार बदमाशों की सूची तैयार कर मतदान से वंचित करने के लिए कार्रवाई के निर्देश दिए। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक वृत्त डीग घनश्याम शर्मा ने ग्रामीणों से पंचायत चुनावों के दौरान शांति पूर्वक मतदान में सहयोग का आह्वान किया। शिविर के बाद पुलिस अधिकारियों ने बाइक चोरी में संलिप्त आरोपी हरिओम पुत्र करतार रामलखन उर्फ बोना के मकानों का मौका देखकर परिजनों से उन्हें समर्पण कराने की बात कही। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने ग्राम पंचायत चिरावल माली पहुंचकर राजकीय माध्यमिक विद्यालय में मतदान केन्द्र रास्तों की स्थिति का निरीक्षण किया।
ग्रामीणों ने अधिकारियों को कब्रिस्तान भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की। इस अवसर पर सरपंच दीपेश महोलिया, ग्राम सेवा समिति अध्यक्ष शोभाराम, थानाधिकारी जगदीश सिंह, प्रधानाध्यापक मोहनलाल शर्मा, पटवारी मनीष शर्मा, सचिव राजेश कुमार, बृजमोहन भारद्वाज, उदय सिंह, भोलीराम, भूरी सिंह, भरत सिंह कन्हैया गुर्जर आदि मौजूद थे।
नगर. जनसहभागिता शिविर में उपस्थित पुलिस अधिकारी।