खादी संस्थाएं विघटन के कगार पर
खादीग्रामोद्योग आयोग भारत सरकार के सदस्य एवं राजस्थान खादी संघ के उपाध्यक्ष रामदास शर्मा ने हीरादास स्थित खादी समिति में खादी संस्थाओं के क्षेत्रवार सम्मेलन में कहा कि वर्तमान में खादी जगत को भारत सरकार खादी आयोग की नीतियों से जो दुष्परिणाम प्राप्त हो रहे हैं, इनसे खादी संस्थाएं विघटन के कगार पर पहुंच रही हैं। उन्होंने खादी की यथार्थता प्रस्तुत की तथा परिस्थितियों से सामंजस्य बनाकर संस्थाओं का अस्तित्व बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर गांधीवादी विचारक एवं खादी मिशन के संयोजक बाल विजय भाई ने कहा कि खादी जगत को दी जा रही योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता मन, वचन एवं कर्म से कार्य में जुट जाएं। समिति संस्थापक राम भरोसी गुप्ता ने वर्तमान में खादी संस्थाओं के समक्ष रही कठिनाइयों से अवगत कराया। कार्यक्रम से पूर्व बाल विजय भाई रामदास शर्मा का अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर गोपाल प्रसाद मुदगल, मंत्री राजेन्द्र प्रसाद शर्मा, सदस्य रामलखन सिंघल, पूरनचंद फौजदार, योगेश सिंघल, उर्मिला देवी गोयल सहित धौलपुर, अलवर, नगर, नदबई, भुसावर संस्थाओं के मंत्री पदाधिकारी मौजूद थे। संचालन विशंभरदयाल सिंघल ने किया।