मंत्री सांसद के सामने दिखाई नाराजगी
डेगाना. डेगानाके माहेश्वरी भवन में शनिवार को भाजपा मण्डल डेगाना की ओर से रखे गए भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन एवं अभिनंदन समारोह में सहकारिता मंत्री राजसमंद सांसद हरिओम सिंह राठौड़ के प्रति लोगों ने नाराजगी दिखाई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि सांसद को चुनाव जीते चार माह हो गए और वे अब डेगाना क्षेत्र में आए हैं। उधर सहकारिता मंत्री अजय किलक को उनके ही कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा के राज में ही भाजपा कार्यकर्ताओं के नहीं, कांग्रेसियों के काम हो रहे हैं। सम्मेलन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राजसमंद सांसद हरिओम सिंह के चार माह बाद डेगाना आने पर रोष जताया और कहा कि इतने समय तक हमारे काम तो ठप ही रहे। डेगाना क्रय-विक्रय सहकारी समिति चेयरमैन लक्ष्मण सिंह मुवाल ने भाजपा राज में भी कांग्रेस के लोगों के तबादलों के लिए सिफारिशें लगाने की बात पर नाराजगी प्रकट की। सहकारिता मंत्री किलक से भी कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। कई कार्यकर्ताओं ने तो अपनी ही पार्टी की मुखालिफत के साथ कार्यकर्ताओं की उपेक्षा के लिए विधानसभा उप चुनावों में हार का कारण बताया। भाजपा कार्यकर्ता डॉ. हनुमान जाजुंदा ने कहा कि चुनावों में मंत्री सांसद ने जनता से खूब वादे किए, मगर अब जनता के काम नहीं हो रहे। रामपाल राठी ने सरकार की अनदेखी के चलते पंचायतीराज उप चुनावों विधानसभा उप चुनावों में हार की बात कही। महिला मोर्चा तहसील अध्यक्ष मोहनी चौधरी ने डेगाना की कृषि मण्डी सड़क, डेगाना के पुलिस थाने से लेकर बाजार, गोरेडी करणा की तरफ से बाजार सहित डेगाना-खाटू, डेगाना सांजू, डेगाना-इड़वा सभी सड़कों की हालत से परेशानी बताया। सरपंच डॉ. भंवर सिंह, आनंद सिंह खिंदास, जितेन्द्र पचार, राधाकिशन रैदास सहित ने भी संबोधित किया।