डीडवाना में रेलवे कर्मचारियों ने किया हड़ताल के पक्ष में मतदान
ऑलइंडिया रेलवे मैन्स फैडरेशन के आह्वान पर नॉर्थ-वेस्टर्न रेलवे एम्पलॉयज यूनियन शाखा डेगाना की ओर से डीडवाना रेलवे स्टेशन पर हड़ताल के समर्थन में रेलवे कर्मचारियों ने मतदान किया। सातवें वेतन आयोग की मजदूर विरोधी सिफारिशों भारत सरकार द्वारा मजदूरों की न्यायोचित मांगे नहीं मानने पर हड़ताल के पक्ष में हुए इस मतदान में शाखा सचिव बंशीलाल भाटी, उपाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार राय, स्टेशन अधीक्षक महेश कुमार बागड़ी, रजाक खान, राजेन्द्र मीणा, हृदय रंजन, सीताराम भाटी, धूड़सिंह, पुखराज, धर्मेंद्र आदि पदाधिकारियों सहित रेलवे के अनेक कर्मचारियों ने भाग लेकर हड़ताल के समर्थन में मतदान किया। इस मौके पर रेलवे कर्मचारियों ने न्यू पेंशन स्कीम को समाप्त कर पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करने, सभी विभागों के सीनियर सेक्शन इंजीनियर को राजपत्रित 5400 ग्रेड पे में मर्ज करने, न्यूनतम वेतन दर 26000 करने, टेक्नीशियन ग्रेड द्वितीय ग्रेड पे 2400 को ग्रेड पे 2800 में मर्ज करने, कम से कम 5 प्रतिशत इंक्रीमेंट एवं पदोन्नति पर दो इंक्रीमेंट देकर फिक्सेशन का लाभ देने, सेवाकाल में 5 एमएसीपीएस अलग-अलग सालों के अंतराल से प्रदान करने, मेल-एक्सप्रेस लोको पायलटों को ग्रेड पे 4600 एवं पदोन्नति पर ग्रेड पे 4800 दिए जाने, ट्रैकमैन, गेटमैन, पॉइंट्समैन, रनिंग एवं सभी रेल कर्मचारियों की 8 घंटे ड्यूटी सुनिश्चित करने, नाइट पेट्रोल मैन एवं सभी रेल कर्मचारियों को नाइट ड्यूटी पर रात्रि भत्ता देने, आरआरबी कोटे के 50 प्रतिशत पदों को जीडीसीई द्वारा हर साल भरने, रेलवे में एफडीआई, पीपीपी आउट सोर्सिंग बंद करने की मांग की गई।
डेगाना. नार्थवेस्टर्न रेलवे एम्प्लॉयज यूनियन ने रेलवे स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की।