चौपाल में बताई बिजली अतिक्रमण की समस्या
दौलतपुरा में कलेक्टर ने दिए अधिकारियों को समस्याओं को निबटाने के निर्देश
रात्रि चौपाल
देवगढ़ की दौलपुरा ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल के दौरान बिजली, अतिक्रमण सहित अन्य समस्याएं सामने आई। कलेक्टर कैलाशचंद्र वर्मा ने मौके पर ही अधिकारियों को समस्या के समाधान के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने गांव की सौर लाइटों को ठीक कर नियमित चालू रखने के निर्देश दिए। गांव की आंगनवाड़ी से अतिक्रमण हटाने, चारागाह भूमि को कब्जे से मुक्त करवाने के तहसीलदार को निर्देश दिए। पशु चिकित्सालय भूमि पर दो नए वार्ड पंच के तथाकथित कब्जे की वास्तविकता जानकर वस्तु स्थिति से अवगत करवाने को कहा। कलेक्टर ने सामने दौलपुरा ग्राम में नाले पर कब्जे करने की शिकायत आई। कलेक्टर ने नाले से सभी कब्जों को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश। ग्रामीणों को बताया कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान दौलपुरा ग्राम पंचायत से 74 प्रकरण दर्ज हुए थे जिनमें से 15 प्रकरणों का समाधान कर दिया है जिसका प्रमाणीकरण भी किया जा रहा है। उन्होंने खेत पर विद्युत कारनेशन के लिए आवेदन करने वाले बने सिंह को बताया कि अगर आपका आवेदन 31 मार्च 2009 का है तो इसी 31 मार्च तक कनेक्शन कर दिया जाएगा। भीलवाड़ा रोड पर बरगद के ऊपर से गुजर रही 33 केवी की बिजली की लाइन को हटाने के लिए ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र दिया। कलेक्टर ने एईएन को इसे तत्काल शिफ्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने मांगूसिंह के घर का बिजली कनेक्शन करने के निर्देश दिए। दिसंबर में सेवानिवृत्त होने वाले मांगीलाल को सेवानिवृत्ति के परिलाभ नहीं मिलने की शिकायत पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अवगत कराया कि आचार संहिता के कारण परिलाभ नहीं दिए जा सके जो अब मिल जाएंगे। कलेक्टर ने सावलियों के ढलास में आंगनबाड़ी केन्द्र निर्माण कार्य करने को कहा।
राजसमंद. रात्रि चौपाल के दौरान एक ग्रामीण कलेक्टर को समस्या बताता हुआ।