- Hindi News
- समस्या नहीं समाधान बताओ अन्यथा बोरी बिस्तर बांधो
समस्या नहीं समाधान बताओ अन्यथा बोरी बिस्तर बांधो
मुझेसमस्या नहीं समाधान बताइए, सलीके से काम करो वरना अपने बोरिया बिस्तर बांधों। प्रदेश की जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भूजल मंत्री किरण माहेश्वरी ने यह बात मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित संभाग स्तरीय पेयजल योजना की समीक्षा बैठक में अधिकारियों से कही।
इस मौके पर उन्होंने संभाग के भरतपुर सहित धौलपुर, करौली सवाई माधोपुर के अभियंताओं से विभिन्न पेयजल योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। जब अभियंता योजनाओं की सफल क्रियान्विति में आड़े रही विभिन्न समस्याओं को गिनाने लगे तो भूजल मंत्री माहेश्वरी ने कहा कि आप मुझे प्रॉब्लम्स नहीं सोल्यूशन बतलाइए। माहेश्वरी ने कहा कि जब इन दिनों में ही जगह-जगह पेयजल किल्लत पैदा हो रही है तो गर्मी के दिनों में क्या हाल हो सकता हैω इसलिए अभी से कमर कस के तैयार हो जाइए। उन्होंने संभाग के सभी अभियंताओं जेईएन, एईएन, एक्सईएन एवं एसई को सप्ताह में तीन दिन फील्ड विजिट कर जल योजनाओं की क्रियान्विति में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए। बैठक में सांसद बहादुर सिंह कोली, नगर विधायक अनीता सिंह, क्षेत्रीय विधायक विजय बंसल, बयाना विधायक बंशीलाल, पूर्व मंत्री डा. दिगंबर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर शिवसिंह भोंट, प्रमुख शासन सचिव ओपी सैनी, जिला कलेक्टर रवि जैन, चीफ इंजीनियर ग्रामीण उमेश धींगरा, चीफ इंजीनियर मुख्यालय सीएम चौहान, चीप इंजीनियर स्पेशल प्रोजेक्ट बनै सिंह, एडिशनल चीफ इंजीनियर अशोक गर्ग, एडिशनल चीफ इंजीनियर भरतपुर रीजन अशोक जैन, एसई आरसी गुप्ता, एसई धौलपुर आयुषी कुमार, एसई विद्युत निगम वीके दुबे, आरयूआईडीपी एक्सईएन केके अग्रवाल सहित जलदाय विभाग चंबल प्रोजेक्ट तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
31 मार्च तक सभी काम पूरे चाहिए
बैठकमें भूजल मंत्री किरण माहेश्वरी ने कहा कि 31 मार्च तक बकाया काम पूरे हो जाने चाहिए। उन्होंने बकाया स्वीकृत हैड पंप लगाने, खराब हैड पंपों की मरम्मत कराने, शेष रहे आरओ प्लांट स्थापित कराने, खराब आरओ प्लांट मरम्म्त कराने, शेष रहे डीप बोर लगाने, बिजली कनेक्शन लेकर डीप बोर चालू कराने, जनता जल योजना के तहत स्वीकृत कार्यों को कराने, चंबल लिफ्ट योजना के तहत बकाया रहे काम में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए।
भरतपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जलदाय मंत्री किरण माहेशवरी बैठक लेती हुई।