बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पोस्टर का विमोचन
जिलाप्रभारी एवं ऊर्जा राज्य मंत्री पुष्पेंन्द्र सिंह ने बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बेटी बचाओगे तो संस्कृति बचाओगे, बेटी पढ़ाओगे तो भविष्य बनाओगे पोस्टर का विमोचन करते हुए कहा कि धौलपुर में एक हजार पुरुषों के पीछे 846 महिलाएं है, यह एक चिंता का विषय है।
घटते हुए लिंगानुपात सामाजिक असंतुलन एवं असमानता का प्रतीक है। आजादी की पूर्व की तुलना में आज रहन सहन, खान-पान, जातिगत विकास, व्यवहार आदि में तो महत्वपूर्ण परिवर्तन हो रहा है। गांव शहर की दूरियों को तो यातायात विकास एवं रोजगार की तलाश पाट रहे है लेकिन समाज में लड़के लड़की में भेद की मानसिक सोच में परिवर्तन नहीं आया।
इसके लिए हर वर्ग में सामाजिक जन चेतना जाग्रत करने की आवश्यकता है। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने कहा कि सामाजिक आर्थिक विकास पुरुष महिलाओं के मध्य प्रतिस्पर्धा पैदा करने से नहीं बल्कि आदर्श अनुपात स्थापित करने से होगा। किसी भी आदर्श परिवार की स्थापना तभी हो सकती है जब पुरुष- महिला अनुपात में आदर्श संयोग स्थापित हो। घटते लिंग अनुपात को बचाने के लिए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ सुकन्या समृद्घि योजना लागू की जा रही है। जिसमें उन जिलों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनमें लिंग अनुपात तेजी से घट रहा है। देश के लगभग 100 जिलों में धौलपुर जिला भी सम्मिलित है। इसलिए आज सबसे पहली जरूरत बेटी को बचाने की है। विमोचन किए गए पोस्टर से जिले में यह संदेश दिया जाएगा कि बेटी को अपने ऊपर बोझ समझें, बेटी-बेटे में कोई भेद करें। इस अवसर पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के सचिव आरपी खण्डेलवाल, पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह, जिला प्रमुख धर्मपाल सिंह, प्रधान बाडी पूजा मीणा, सैंपऊ प्रधान मीनेन्द्र सिंह, विधायक रानी कोली, पूर्व विधायक सुखराम कोली, जगमोहन बघेला, मोतीलाल मीणा आिद उपस्थित थे।
धौलपुर. पोस्टर का विमोचन करते ऊर्जा राज्य मंत्री पुष्पेंद्र सिंह।