पीसीसी सचिव रोहित बौहरा को स्वाइन फ्लू
भास्कर न्यूज| धौलपुर/मनियां
जिलेमें स्वाइन फ्लू ने दस्तक दे दी है। प्रदेश कांगेस कमेटी के सचिव एवं राजाखेडा विधायक प्रधुमन सिंह के पुत्र रोहित बौहरा को स्वाइन फ्लू हो गया है। जिसकी पुष्टि जयपुर में हो चुकी है।
इस संबंध में उनके पिता विधायक प्रधुम्न सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान रोहित बौहरा ने कांग्रेस के प्रत्याशियों के समर्थन में दिन रात जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्हें जुकाम खांसी हो गया। पंचायत चुनाव खत्म हो जाने के बाद बौहरा जयपुर चले गए। जहां स्वास्थ्य अधिक बिगड़ने पर चिकित्सक को दिखाया। जहां चिकित्सक की सलाह पर स्वाइन फ्लू की जांच कराई गई। जिसमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो गई। फिलाहल बौहरा का इलाज जयपुर स्थित निवास पर ही चल रहा है। विधायक ने बताया कि चिकित्सकों की टीम बौहरा का इलाज कर रही है एवं घर के अन्य सदस्यों की भी जांच की जा रही है।
पंचायत चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता रोहित बौहरा दिन रात सक्रिय रहे। भीड़ भरे माहौल में जनसंपर्क के दौरान तबीयत खराब हुई थी। इसलिए संभावना है कि जिले में अन्य लोगों को भी स्वाइन फ्लू हो सकता है। इसलिए चिकित्सा विभाग को खांसी जुकाम से पीड़ित लोगों की जांच करनी होगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थय अधिकारी राजेश मितल ने बताया कि रोहित बौहरा को स्वाइन फ्लू होने की सूचना मिली है। सतर्कता के तौर पर क्षेत्र में टीम भेजकर खांसी जुकाम से पीड़ित लोगों की जांच कराई जाएगी।