चौपड़ा मंदिर चौराहे पर अंडरपास जरूरी
राष्ट्रीयराज्यमार्ग प्राधिकरण द्वारा हाईवे पर बनाए गए ओबर ब्रिज के विरोध में धौलपुर संघर्ष समिति द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन के अन्तर्गत गुरूवार को आवासन मण्डल कॉलोनीवासियों द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। जिसमें कॉलोनीवासियों ने बढ़ चढ़कर अपनी भागीदारी निभाते हुए कॉलोनी निवासी मनीष अग्रवाल ने कहा कि हाईवे के ओवर ब्रिज ने हमें अपने ही शहर में बेगान सा बना दिया है, हम शहर के दूसरे हिस्से में रह रहे है और सबसे ज्यादा समस्या हमारे लिए है। जब हमें हॉस्पिटल, रेल्वे स्टेशन, कचहरी, बैंक या अन्य किसी जगह जाना होता है तो मात्र गुलाब बाग ही हमारे पास एक मात्र रास्ता रह जाता है। जिससे आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
गोविंद यादव ने कहा कि हमें सब्जी मंडी या बस स्टैण्ड जाना होता है तो उस समय काफी समस्या उत्पन्न हो जाती है और फिर जान जोखिम में डालकर गलत साइड से सफर करना पड़ता है। इस अवसर पर डॉ. विजय सिंह ने कहा कि हाईवे का ओवर ब्रिज बिना जनता की रायशुमारी किए एनएचएआई ने अपने मन माफिक बनाया है। इससे शहर के बड़े लोगों को हो सकता है कि फायदा मिला हो मगर आमजनता इस पुल से काफी त्रस्त है। धौलपुर संघर्ष समिति उन्हीं त्रस्त लोगों को सुविधा मुहैया करने के लिए विगत दो माह से आंदोलनरत है। इस अवसर पर अतुल कुमार भार्गव ने कहा कि धौलपुर के जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने इस ओवरब्रिज के खिलाफ पूरे मनोयोग से प्रयास नही किया। जिसके फलस्वरूप ये ओवरब्रिज हमें सौगात में मिला है और इस पर जो पहले कट दे रखे थे उन्हें भी बंद कर दिया गया है।
रंजीत दिवाकर ने बताया कि धौलपुर संघर्ष समिति की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को राजाखेड़ा बाईपास स्थित कालीमाता मंदिर प्रागंण में आयोजित की जाएगी। जिसमें संघर्ष समिति द्वारा आंदोलन की तीव्रता पर विचार विमर्श किया जाएगा।
इस अवसर पर दीपक मित्तल, राजेन्द्र सिंह यादव, रोहित श्रोती, कौशल किशोर परमार, नरेन्द्र गोयल, डॉ. ठूगर सिंह सिसौदिया, डॉ. शिवचरन सिंह भदोरिया, सुरेन्द्र श्रोतिय, एम लाल, गणेश त्रिवेदी, सुनेरीलाल शर्मा, लाल बत्ती मैनपुरी, श्यामवीर सिंह परमार, लाडली मोहन शर्मा, दिनेश अग्रवाल, रघुवीर सिंह राना सहित अन्य जने उपस्थित थे।
धौलपुर. हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लेते लोग।