- Hindi News
- भामाशाह नामांकन बैंक खाते के बिना नहीं: डीएम
भामाशाह नामांकन बैंक खाते के बिना नहीं: डीएम
केन्द्रसरकार की जन-धन योजना एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही भामाशाह योजना की जिला कलेक्टर कुमार पाल गौतम ने जिले के सभी उपखण्ड अधिकारियों की वीडियो कान्फ्रेंस आयोजित की गई।
कान्फ्रेंस में उन्होंने सभी उपखण्ड अधिकारी एवं विकास अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि भामाशाह कार्ड सिर्फ एक कार्ड नहीं है, बल्कि यह नागरिकों को सर्विस, डिलिवरी करने का एक संपूर्ण प्लेटफार्म है। आगामी दिवसों में विभिन्न सेवाएं पेंशन, राशन वितरण आदि इसी के माध्यम से नागरिकों को प्रदान की जाएंगी। सभी परिवार अपना भामाशाह नामांकन करवाएं। भामाशाह नामांकन के लिए परिवार की मुखिया का बैंक खाता होना आवश्यक है। अभी तक भामाशाह नामांकन शिविरों में परिवार की मुखिया का बैंक खाता खोलने का आवेदन पत्र लेकर परिवार का भामाशाह नामांकन किया जा रहा था। अब प्रधानमंत्री जन-धन योजना के अन्तर्गत संपूर्ण जिले में परिवारों के बैंक खाते खुल चुके हैं। राज्य स्तर पर यह निर्णय लिया गया है कि अब भामाशाह नामांकन शिविरों में उन्हीं परिवारों का नामांकन किया जाएगा, जो परिवार की मुखिया के खाते के विवरण के लिए बैंक खाते की पास बुक की प्रति लेकर शिविर में आएंगे। अत: नागरिक सम्बन्धित शाखा से अपनी खाता संख्या का प्रूफ लेकर आएं। भामाशाह नामांकन के लिए किसी भी बैंक की किसी भी शाखा का पहले से उपलब्ध खाता, जो कि मुखिया के नाम से खोला गया हो वह मान्य है। इसके लिए अलग से भामाशाह शिविर में खाता खुलवाने की आवश्यक नहीं है। मुखिया का सिर्फ पहले से उपलब्ध खाते की पास बुक की फोटो प्रति जिस पर उसका नाम खाता संख्या स्पष्ट अंकित हो भामाशाह नामांकन फार्म के साथ संलग्न करनी है। ई-मित्र केन्द्रों पर नए परिवारों के भामाशाह नामांकन तथा पूर्व में नामांकित परिवारों के शेष सदस्यों को जोड़ने की सेवा प्रारंभ हो चुकी है। ई-मित्र केन्द्रों पर नए परिवारों के लिए पूरे परिवार को ई-मित्र कियोस्क पर उपस्थित होना होगा। इसके लिए परिवार के मुखिया कम से कम एक अन्य सदस्य का आधार नामांकन होना आवश्यक है तभी भामाशाह नामांकन किया जा सकता है। यह ध्यान रखें कि नामांकन के लिए आते समय परिवार महिला मुखिया के वयगतागत खाते का विवरण आवश्यक रूप से लेकर आएं। बिना बैंक खाते के भामाशाह नामांकन नहीं होगा। भामाशाह नामांकन के लिए ई-मित्र केन्द्र द्वारा नागरिकों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। यदि इसके लिए कोई ई-मित्र धारक शुल्क लेता हुआ पाया गया तो दण्ड स्वरूप कियोस्क तुरंत प्रभाव से बंद कर दिया जाएगा।
इस सुविधा के संबंध में यदि नागरिकों को कोई शिकायत हो तो लिखित में शिकायत भामाशाह कंट्रोल रूम के फोन नंबर 05642-220737 पर भी दर्ज करवा सकते हैं।
धौलपुर। कांफ्रेंस करते जिला कलेक्टर।