- Hindi News
- फ्रेशर पार्टी में नवआगन्तुक विद्यार्थियों का स्वागत
फ्रेशर पार्टी में नवआगन्तुक विद्यार्थियों का स्वागत
एसएन कॉलेज ऑफ साइंस के विद्यार्थियों की शनिवार को फ्रेशर पार्टी हिना रिसोर्ट परिसर में आयोजित हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक अभियंता विष्णुदत्त थे तथा अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष सुभाष भारद्वाज ने किया। विशिष्ट अतिथि संजय शर्मा, बृजेश त्यागी राजेश शर्मा थे। इस मौके पर संस्था अध्यक्ष सुभाष भारद्वाज ने कहा कि विद्यार्थी संस्थान में परम्परा एवं मर्यादा के अनुसार उच्च शिक्षा ग्रहण कर अपना उज्जवल भविष्य बना कर समाज एवं परिवार का नाम रोशन करें। मुख्य अतिथि विष्णुदत्त एईएन ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ग्रहण करने से विद्यार्थियों का भविष्य सुधरता है। इसलिए पढ़ाई में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतनी चाहिए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष अतिथियों की ओर से दीप प्रज्वलित कर की गई। इस दौरान कॉलेज के नव आगन्तुक विद्यार्थियों का सीनियर विद्यार्थियों ने तिलक लगा कर अभिनंदन किया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं की ओर से एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य, सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए तथा कार्यक्रम में मिश फ्रेशर दिशा त्रिपाठी तथा मिस्टर फ्रेशर राहुल माहौर को चुना गया। इस अवसर पर प्रमोद झा, अनूप शर्मा, रिंकू कुशवाह, अतुल अग्रवाल, धर्मेंद्र कुशवाह, रिचा शर्मा, विवेक कुमार वशिष्ठ, लक्ष्मी गुप्ता, भरत शर्मा, लोकेश बिंदल, विनोद परिहार, सतेंद्र बघेल, अमरदीप अग्रवाल, मोनिका, जीतेंद्र आदि मौजूद थे।