दिन भर हुआ हवन गूंजते रहे वेद मंत्र
धौलपुर. चंबलतट स्थित श्री राजराजेश्वरी गुफा धाम मंदिर में आयोजित नवकुंडीय दुर्गा महायज्ञ में रविवार को पूरे दिन हवन एवं आहूतियों का दौर जारी रहा। इस दौरान वेदमंत्रों की धुन से पूरा का पूरा बीहड़ गूंजायमान रहा। सुबह सात बजे से शुरू यज्ञ एवं हवन का समापन शाम साढ़े सात बजे आरती के साथ किया गया।
गुफा धाम मंदिर के संरक्षक अवधूत संत लोकेशानंद जी महाराज के मुताबिक रविवार को यज्ञ से पूर्व सुबह सात बजे माता के पूजन का कार्यक्रम आयोजित हुआ। यह पूजा करीब तीन घंटे चली। इसके बाद यज्ञकुंड में वैदिक मंत्रों के साथ आहूतियों का दौर शुरू हुआ। वहीं शाम को ख्याति प्राप्त संतों ने प्रवचन किया। प्रवचन के दौरान संत लोकेशानंद ने कहा कि सत्संग में हर आदमी को जाना चाहिए। लेकिन इसके लिए तीन नियमों का पालन करना बहुत जरूरी है।
इसमें सबसे पहले आसन की शुद्धि होनी चाहिए। वहीं दूसरे नंबर पर ध्यान केंद्रित होना चाहिए। तीसरे नंबर पर इंद्रियों की शुद्धि जरूरी है। इस मौके पर जिले के अलावा आगरा एवं ग्वालियर से बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित थे।