युवक को गोली मार कर किया घायल
धौलपुर. शहरकी भोगीराम कॉलोनी गुरुवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई। जब एक व्यक्ति ने एक युवक को गोली मार कर घायल कर दिया। वारदात की सूचना पर कोतवाली पुलिस मय जाप्ते के मौके पर पहुंची तथा बाद में परिजनों एवं पड़ोसियों के सहयोग से गोली लगने से घायल हुए युवक को इलाज के लिए रात करीब साढ़े दस बजे राजकीय डॉ. मंगल सिंह अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सेे घायल युवक को चिकित्सकों ने रैफर कर दिया है। जबकि आरोपी वारदात के बाद फरार है।
गौरतलब है कि गोली लगने से युवक का बांया हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। कोतवाल वीरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पीडि़त के भाई रामप्रकाश गुर्जर निवासी भोगीराम कॉलोनी ने आरोपी उग्रसिंह पुत्र भत्ता गुर्जर गांव जरारी हॉल निवासी भोगीराम कॉलोनी के खिलाफ इस आशय का मामला दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट में लिखा है कि उसका भाई पंजाब सिंह पुत्र सोबरन सिंह गुर्जर ने गत दिवस उग्रसिंह गुर्जर के यहां एक हजार ईंट डाली। पंजाब सिंह गुुरुवार देर शाम को उग्रसिंह गुर्जर के घर जाकर ईंटों के रुपए लेने के लिए तकादा करने गया। इसके बाद रात करीब साढ़े नौ बजे उग्रसिंह सहित उसके अन्य चार साथी उसके घर पहुंचे और पंजाब सिंह को गाली-गलौच करने लगे।
इसका पंजाब सिंह ने विरोध किया तो उग्रसिंह ने पंजाब सिंह को मारने की नीयत से उस पर तमंचे से गोली चला दी। जिससे पंजाब सिंह का बायां हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। तमंचे की आवाज सुनकर मौके पर कॉलोनी के काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और वारदात की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गोली लगने से घायल हुए युवक को इलाज के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपी उग्रसिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धौलपुर. गोली लगने से घायल युवक की जांच करते चिकित्सक।