- Hindi News
- खेत में पाइप लाइन डालने पर दो पक्षों में झगड़ा
खेत में पाइप लाइन डालने पर दो पक्षों में झगड़ा
धौलपुर. कोतवालीथाना क्षेत्र के गांव शैतानपुर में शुक्रवार को खेत में से होकर पानी की पाइप लाइन डालने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इसमें तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर एसएचओ वीरेंद्र कुमार शर्मा जाप्ते के साथ पहुंचे और दो जनों को गिरफ्तार किया तथा झगड़े में घायल हुए इटाय पाड़ा निवासी सलीम, अजीज फरीद को राजकीय सामान्य अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया।
कोतवाली थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब दस बजे गांव शैतानपुर के पास स्थित खेत में से होकर पानी की पाइप लाइन डालने को लेकर औतारसिंह गुर्जर तथा सलीम खां पक्ष में झगड़ा हो गया। सलीम खां पुत्र बाबू खां निवासी इटायपाड़ा धौलपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि गांव शैतानपुर निवासी औतार सिंह गुर्जर, राम अवतार, सूरज गुर्जर, संतोष वगैरह गुरुवार को उसके खेत में से होकर जबरन पानी की पाइप लाइन डाल रहे थे। उसके द्वारा खेत में से होकर पाइप लाइन डालने का विरोध किया तो रामअवतार गुर्जर, सूरज गुर्जर, संतोष गुर्जर सहित अन्य व्यक्तियों ने उस पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया। इस दौरान झगड़े की आवाज सुन कर खेत में बकरी चरा रहे भाई हलीम, अजीज फरीद बीच-बचाव करने लगे तो उन्होंने उन की भी आरोपियों ने लाठी डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इसके अलावा आरोपियों ने खेत में चर रही बकरियों पर लाठियों से प्रहार किया। झगड़े में सलीम, अजीज फरीद गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव शैतानपुर निवासी रामअवतार गुर्जर सूरज गुर्जर को गिरफ्तार किया है।