तृतीय श्रेणी के 372 शिक्षकों का प्रमोशन
राजस्थान पंचायती राज कर्मचारी संघ ने उपनिदेशक माध्यमिक शिक्षा की ओर से तृतीय श्रेणी से द्वितीय श्रेणी शिक्षकों की सामान्य विषयों की पदोन्नति सूची जारी किए जाने का स्वागत करते हुए शिक्षकों के इच्छित स्थानों के विकल्प मांगकर पदस्थापना दिए जाने की मांग की है।
जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा ने बताया कि पदोन्नत होने वाले 372 शिक्षकों की मुख्य चयन सूची जारी की गई है। जिसमें संस्कृत, सामाजिक विज्ञान हिन्दी विषयों के शिक्षक शामिल हैं। जिसमें हिन्दी के 187, सामाजिक विज्ञान के 83 संस्कृत के 44 और रिव्यू डीपीसी संस्कृत के 58 शिक्षकों को पदोन्नत किया गया है।
इससे पूर्व अंग्रेजी, विज्ञान गणित की सूची जारी की जा चुकी है। संघ के हरीसिंह गुर्जर, चंद्रशेखर शर्मा, दिनेशचंद गुधैनियां, मुकेश गुर्जर ने पदोन्नति सूची जारी किए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि रिक्त पदों के भरे जाने से शिक्षा में गुणात्मक सुधार आएगा।