रोजगार सहायता शिविर 12 फरवरी को
धौलपुर| राज्यसरकार की रोजगारोन्मुखी योजना के अंतर्गत वर्ष 2014-15 का अनुसूचित जाति कम्पोनेंट प्लान के अन्तर्गत रोजगार सहायता शिविर 12 फरवरी को प्रात: दस बजे से रोजगार कार्यालय परिसर धूलकोट में आयोजित किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इस शिविर में नीमराणा से गिन्नी फिलामैन्ट इंडस्ट्री तथा जयपुर से शिव शक्ति फर्टीलाइजर कंपनी द्वारा भर्ती की जाएगी। इसके अतिरिक्त रोजगार कार्यालय द्वारा बेरोजगारी भत्ता योजना एवं अक्षत कौशल योजना के आवेदन पत्र, पात्र स्नातक बेरोजगारों को नि:शुल्क वितरित कर भरवाए जाएंगे।
राज्य सरकार की स्वरोजगार योजना से सम्बन्धित विभाग जिला उद्योग केन्द्र, खादी विभाग द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार योजना की जानकारी दी जाएगी। राजस्थान आजीविका मिशन द्वारा चलाई जा रही जीविकोपार्जन प्रशिक्षण योजना की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराकर वर्तमान में चल रहे बैड साइड असिस्टेंट, हॉस्पिटेलिटी असिस्टेंट, सीनियर सेल्स पर्सन गार्ड आदि प्रशिक्षण योजनाओं के आवेदन पत्र भरवाए जाएंगे। जिले के सभी बेरोजगार जो पांचवीं से स्नातक योग्यताधारी जिनकी आयु 30 वर्ष से अधिक ने हो, वे अपने शिक्षा संबंधी, जाति मूल निवास रोजगार कार्यालय का पहचान कार्ड आदि के प्रमाण पत्र साथ लेकर शिविर में भाग ले सकते हैं।