पानी को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
शहरके चौबदार मोहल्ला के नागरिकों ने मंगलवार को जलदाय विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय पर मटका फोड़ प्रदर्शन कर विरोध जताया। मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे चौबदार मोहल्ले के नागरिक जलदाय कार्यालय पर एकत्रित होकर पहुंचे।
जहां पर उन्होंने खाली मटके फोड़ कर जलदाय विभाग के अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश जताया। लोगों का कहना था कि मोहल्ले में करीब एक पखवाड़े से अधिक समय से नलों में पानी सप्लाई नहीं हो रहा है, जबकि इसकी शिकायत जन स्वास्थ्य अभियांत्रिक विभाग के उच्चाधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। ऐसे में नागरिकों को महंगे दामों पर पेयजल खरीदना पड़ रहा है। जलदाय विभाग कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन के बाद मोहल्ले के नागरिक जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर समस्या समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में लिखा है कि चौबदार मोहल्ले में एक पखवाड़े से अधिक समय से नलों में जलापूर्ति नहीं हो रही है तथा जब कभी नलों में पानी सप्लाई होता है वह गंदा होता है। ऐसे में लोगों को दूर दराज क्षेत्र के हैंडपंपों से पानी लाना पड़ रहा है। ज्ञापन में जिला कलेक्टर से दोषी कर्मचारियों ियों की निष्पक्ष जांच कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में प्रमोद कुमार, सुरेश चंद वैश्य, महेश, रामवरण, मुकेश, रमेश आदि शामिल थे।
धौलपुर. जलदाय विभाग के कार्यालय पर प्रदर्शन करते ग्रामीण।