सांसद ने की अंडरपास की मांग
धौलपुर। क्षेत्रीयसांसद डॉ. मनोज राजौरिया ने शहर के लिए अभिशाप बन चुके फ्लाई ओवर की समस्याओं को लेकर केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नेशनल हाईवे संख्या 3 के निर्माण में अनियमितता की शिकायत करते हुए बस स्टैंड एवं मचकुंड गेट के पास अंडर पास बनाने एवं शहर के बाहर बाहर बाईपास बनाने की मांग की।
उन्होंने बताया कि इस हाईवे की चलते पहले से ही धौलपुर शहर विभाजन के दर्द से जूझ रहा है। वहीं रही सही कसर फ्लाई ओवर का निर्माण कर रही कंपनी की धीमी गति से पूरी हो जाती है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल हो रहा है। इससे निकट भविष्य में बड़ी दुर्घटना एवं जन हानि की आशंका है। मंत्री को सांसद ने बताया कि इस ब्रिज के दोनों ओर सर्विस रोड़ का निर्माण नहीं होने की वजह से हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं गड्डों धूल-मिट्टी से स्थानीय लोगों को बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने मंत्री से निर्माण कार्य की गुणवक्ता जांचने एवं जल्द से जल्द कार्य पूरा करने की मांग की। वहीं मचकुण्ड गेट एवं धूलकोट रोड से चौपड़ा मंदिर के बीच अण्डरपास के निर्माण की भी मांग की। उन्होंने कहा कि समस्या के स्थाई समाधान के लिए धौलपुर बाईपास (एन.एच.-3) के निर्माण पर भी जोर दिया। सांसद ने गुलाबबाग चौराहे से कलेक्टरी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने से गुजरने वाले नेशनल हाईवे - 11 बी की दुर्दशा को भी मंत्री के समक्ष बयां करते हुए इसे दुरुस्त कराने की मांग की। सांसद के आग्रह पर नितिन गडकरी मौके पर एनएचएआई के अधिकारियों को समस्या के समाधान के निर्देश दिए।