ग्रामीणों की समस्याओं का किया समाधान
पाइप लाइन से अवैध कनेक्शन करने वालों के खिलाफ डीएम ने दिए एफआईआर कराने के निर्देश
जनसुनवाई
जिलाकलेक्टर शुचि त्यागी ने गौलारी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर जन सुनवाई के दौरान ग्रामीणों की व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याएं सुनी तथा अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत सरपंच रेखा मीणा ने गौलारी, खैमरी, जखा, नयापुरा, दीवानपुरा, गोलीपुरा, मथारा, झोर गांवों की विद्युत, सड़क, पेयजल समस्याओं की जानकारी दी। कलेक्टर ने सरपंच द्वारा बताई गई समस्याओं में से कुछ का मौके पर समाधान किया, शेष समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निश्चित समय दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बिजली, सड़क, पेयजल, चिकित्सा, शिक्षा समेत कई मद्दों पर ग्रामीणों के साथ चर्चा कर समस्या वाले बिन्दु चिन्हित किए, योजनाओं की क्रियान्विति निगरानी व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। जन सुनवाई में ग्राम गौलारी, गोलीपुरा, नयापुरा के आमजनों ने पेयजल समस्या से निजात दिलाने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने अधिशाषी अभियन्ता को निर्देश दिए कि आंगई बांध से पेयजल सप्लाई की पाइप लाइन से जिन व्यक्तियों द्वारा अवैध कनेक्शन कर रखे हैं उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करते हुए पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने सुपरवाईजरों को पाइप लाइन की निगरानी के निर्देश दिए। पोखर निर्माण की मांग पर कृषि विभाग, पंचायत समिति, जल संसाधन के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पोखर निर्माण के स्थान पर किसानों के खेत में तलाई के प्रस्ताव बनाकर भिजवाएं। इससे किसानों की समस्या का स्थाई समाधान हो सकेगा।
कलेक्टर ने पेंशनरों से बैंक में खाता खुलवाने आधार से लिंक करवाने को कहा। रामा द्वारा जमाबन्दी में नाम गलत होने को दुरस्त करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया इसको गम्भीरता से लेते हुए उन्होंने तहसीलदार उपखण्ड अधिकारी को राजस्व रिकार्ड में नाम दुरस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान को स्थानीय परिस्थिति देखकर तैयार किया गया है। ग्रामीण इसकी मॉनीटरिंग भी करें तथा अपने सामर्थ के अनुसार श्रम, सामग्री और नगद धनराशि से सहयोग करें। ग्रामीणों ने अभियान को सफल बनाने के लिए हर सम्भव सहायता का भरोसा दिलाया। जनसुनवाई में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
धौलपुर। जनसुनवाई करती जिला कलेक्टर।