धूल के गुबार से वाहन चालक परेशान
उखड़ी सड़कों से बिगड़ी शहर की शक्ल
मानसूनखत्म होने के बाद भी शहर की सड़कों के मरम्मत का काम शुरू नहीं हो सका है। शहर में वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल है। बरसात खत्म होने के महीने भर बाद भी कई सड़कों पर जलभराव है। वहीं कुछ सड़केंं खुदाई की वजह से बदहाल है। जबकि आधा दर्जन से अधिक सड़के मरम्मत के अभाव में बदहाली की कगार पर पहुंच गई है। शहर में एक भी सड़क ऐसी नहीं है जिसे ठीक या गड्ढा मुक्त कहा जा सके। सड़कों में बने गड्ढों में जमी धूल दिनभर उड़ती रहती है। इससे वाहन चालकों राहगीरों को आवागमन में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अब तक तो पीडब्ल्यूडी, आरयूआईडीपी और नगर परिषद के अधिकारी खानापूर्ति के लिए ही सही, लेकिन बरसात खत्म होने के बाद थोड़ा बहुत मरम्मत करा देते थे, लेकिन इस बार इतना भी काम नहीं हुआ है। ऐसे हालात में बरसाती पानी के भराव की वजह से सभी सड़कें जर्जर हो गई है। शहर में सर्किट हाउस, राजकीय कॉलेज, कलेक्ट्रेट, गुलाब बाग के पास, स्टेडियम के पास, जिला अदालत, जिला अस्पताल रोड, गडरपुरा रोड, बजरिया आदि तमाम सड़कें है जो लंबे समय से मरम्मत की बाट जोह रही है। इन सड़कों पर दिन भर धूल के गुबार उड़ते रहते हैं। शहर की कई सड़कें तो ऐसी भी हैं जिन पर आज भी पानी भरा हुआ है। इसके चलते यह सड़कें पूरी तरह से टूट गई हैं। जिससे वाहन चालकों एक दूसरे को साइड देते समय हादसा होने का भय बना रहता है। वहीं आने जाने में समय भी ज्यादा लग रहा है। इन सड़कों पर चलने से वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
काम नहीं आया प्रशासन का जुगाड़
भास्करमें छपी खबर को संज्ञान में लेते हुए प्रशासन ने गड्ढों को भरने के लिए मिट्टी मिश्रित गिट्टी का कच्चा मेटेरियल डाला था। मटेरियल इस तरह से डाला है कि मिट्टी पूरी सड़क पर फैल गई है। जो यहां से गुजरने वाले वाहन के साथ उड़ती रहती है। प्रशासन ने इन सड़कों पर पैचवर्क की बजाय मिट्टी मिश्रित गिट्टी का कच्चा मेटेरियल सड़कों के गड्ढों में डाल दिया। इससे लोगों की समस्या और बढ़ गई। इससे सूखी मिट्टी वाहन चालकों राहगीरों के लिए मुश्किलें बढ़ा रही हैं। बरसात हुई तो यह मिट्टी मिश्रित गिट्टी का कच्चा मेटेरियल कीचड़ बनकर और मुसीबत बढ़ाएगा।
धौलपुर. औंडेला रोड पर बदहाल सड़क।
सरमथुरा. हाइवे पर वाहनों से उड़ती धूल।